भोपाल । प्रभात चौराहे पर यातायात के दबाव को सुगम बनाने के लिए 44.10 करोड़ रुपये से थ्री टियर सिस्टम आधारित फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इस फ्लाइओवर के बनने से आसपास के रहवासियों समेत बस स्टैंड, रेलवे स्टशेशन व पुराने भोपाल आवागमन करने वाले करीब पांच लाख लोगों को फायदा होगा। 650 मीटर लम्बाई और 19 मीटर चौड़ाई वाले इस फ्लाईओवर निर्माण के लिए चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को भूमिपूजन किया। यह फ्लाइओवर भोपाल-रायसेन मार्ग पर बोगदा पुल के बाद काली मंदिर से लाला लाजपत राय कालोनी तक थ्री टियर सिस्टम से बनाया जाएगा।
बता दें कि यहां सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और शाम के साढ़े 5 से रात 9 बजे तक वाहनों की कतार लग जाती है। इससे अशोका गार्डन 80 फीट रोड, पुल बोगदा और रायसेन रोड पर बड़ी संख्या में वाहन आवाजाही करते हैं। इसे देखते हुए अब प्रभात चौराहा पर फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। इस फ्लाईओवर का निर्माण एक ही एलाइनमेंट में एलिवेटेड डिजाइन के माध्यम से होगा। इसमें सबसे नीचे सुभाष नगर फ्लाईओवर से स्टेशन जाने वाला यातायात निकलेगा। बीच में पुल बोगदा से रायसेन जाने वाला रास्ता होगा और सबसे ऊपर मेट्रो ट्रेन की लाइन होगी।
शासकीय महाविद्यालय नरेला का किया लोकार्पण
मंत्री सारंग ने रविवार को नरेला विधानसभा में शासकीय महाविद्यालय का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नरेला क्षेत्र के युवाओं को क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय नरेला का शुभारंभ किया गया। इस कालेज में बीए, बीकाम तथा बीएससी के साथ ही बीसीए की डिग्री भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग 15 करोड़ से पलासी में बनकर तैयार इस नवीन भवन में विद्यार्थियों को पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स भी शीघ्र ही उपलब्ध हो सकेंगे।
लो फ्लोर बस को दिखाई हरी झंडी
सारंग ने शासकीय महाविद्यालय नरेला के समक्ष बैरागढ़ चीचली से पलासी बड़वाई रूट तक की एसआर-4 लो-फ्लोर बस का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस रूट पर लो फ्लोर बस के संचालन से बड़वाई-पलासी के यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी। इसके साथ ही नरेला शासकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों को भी सुविधा होगी।











