10वीं के छात्र की सरेराह हत्या करने वाले तीन नाबालिग गिरफ्तार, तीन अब भी फरार

10वीं के छात्र की सरेराह हत्या करने वाले तीन नाबालिग गिरफ्तार, तीन अब भी फरार

भोपाल। बागसेवनिया थाना इलाके के धनवंतरि नगर में शुक्रवार रात रास्ते से निकलने की बात पर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान छह आरोपितों ने मिलकर दसवीं के छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए थे। पेट में चाकू लगने से किशोर की मौत हो गई थी। इसमें पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीन अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपित नाबालिग हैं।

मामूली विवाद के बाद मारे चाकू

हम बता दें कि अमराई कालोनी में रहने वाला 22 वर्षीय आदित्य शुक्रवार रात अपने भाई 18 वर्षीय वैभव और दोस्त 17 वर्षीय शुभम के साथ धनवंतरि कालोनी से गुजर रहा था। इस दौरान वहां बैठे अरुण, जम्बू समेत छह लड़कों ने उन्हें वहां से गुजरने पर ऐतराज जताना शुरू कर दिया। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। झगड़े के दौरान उन छह लोगों ने मिलकर चाकू से तीनों पर हमला कर दिया। चाकू के वार से शुभम के पेट में, जबकि वैभव की पीठ और चेहरे पर और आदित्य के हाथ और चेहरे पर चोट लगी।

घायल किशोर ने अस्पताल में तोड़ा दम

उन सभी को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया। जहां रात करीब एक बजे शुभम की मौत हो गई थी। जबकि गंभीर रूप से घायल वैभव का उपचार चल रहा है। आदित्य को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। आदित्य की शिकायत पर पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। मृतक शुभम 10वीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं। टीआइ अमित सोनी ने बताया कि दूसरे दिन तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है, उनके बाकी तीन साथियों की तलाश जारी है।
Advertisement