भोपाल। प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) में इस बार नौ लाख 91 हजार सीटों में से कुल पांच लाख 93 हजार सीटों पर प्रवेश हुए हैं। इसके साथ ही कुल आठ चरणों की अतिरिक्त काउंसलिंग के बाद भी कालेजों में तीन लाख 98 हजार सीटें इस वर्ष खाली रह गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस वर्ष सीटें अधिक थीं। इसके अलावा पुराने कोर्सेस में विद्यार्थियों की रुचि कम होने से यह सीटें खाली रही हैं।
प्रदेश की करीब पौने चार लाख सीटों के लिए आठवें चरण की कालेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हो गई। अब अपग्रेडेशन से खाली सीटों पर प्रवेश के लिए 14 अक्टूबर तक फीस जमा करके आवेदन किया जा सकेगा। प्रदेश भर के कालेजों में यूजी और पीजी में प्रवेश के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने आठवां अतिरिक्त चरण शुरू किया था। इस चरण में यूजी और पीजी को मिलाकर कुल साढ़े 10 हजार विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। यूजी में कुल 7293 और पीजी में 3207 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
आंकड़ों की नजर में
प्रदेश में कालेजों की संख्या-1373
सीटों की संख्या- 9.91 लाख
यूजी में प्रवेश- 4.40 लाख
पीजी में प्रवेश- 1.53 लाख
यूजी व पीजी में कुल प्रवेश- 5.93 लाख
खाली सीटें-3.98 लाख











