हिंदू संगठनों की धमकी और चेतावनी... कर्नाटक में 108 फीट ऊंचाई से हनुमान पताका हटाने का मामला नहीं हो रहा शांत
Updated on
10 Feb 2024, 12:31 PM
बेंगलुरु: कर्नाटक में 26 जनवरी को उठे हनुमान के झंडे का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। 108 फीट की ऊंचाई पर लहरा रहे हनुमान के झंडे के हटाने के बाद कर्नाटक का मांड्या उबल पड़ा था। बीते लगभग एक हफ्ते से यहां शांति का माहौल था लेकिन एक बार फिर से राज्य में अंदर ही अंदर अशांति फैल रही है। हिंदु संगठनों ने इस मुद्दे पर शांत नहीं बैठने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि जब तक 108 फीट से हटाए गए हनुमान के झंडे को वापस नहीं लगाया जाता, वे शांत नहीं बैठेंगे। विश्व हिंदू परिषद ने तो सरकार को उनकी मांग न मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने के चेतावनी तक दी है। हिंदू संगठन लगातार कर्नाटक में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अधिकारियों ने मांड्या जिले में भी सुरक्षा बढ़ा दी है। यहां दुकानें बार-बार बंद हो रही हैं। लोगों को कुछ बड़ा होने का संदेह डरा रहा है।
मांड्या जिले को चारों तरफ से घेर लिया गया है। भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस ने कांग्रेस विधायक गनीगा रवि के आवास पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी है। बीजेपी और जेडीएस ने भी विरोध प्रदर्शन का मौन समर्थन किया है।हर दफ्तर के बाहर करेंगे हनुमान चालीसा का पाठ
विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल सहित हिंदू संगठनों ने मांग की है कि राज्य सरकार मांड्या जिले के केरागोडु गांव में 108 फीट ऊंचे ध्वज स्तंभ के ऊपर हनुमान ध्वज को फिर से स्थापित करे। संगठन सभी जिला आयुक्त अधिकारियों और तहसीलदार कार्यालयों के समक्ष हनुमान चालीसा का पाठ करने की योजना बना रहे हैं। हनुमान ध्वज हटाने के घटनाक्रम के बाद संगठनों ने पूरे राज्य में भगवा ध्वज फहराने का अभियान भी चलाया था।