भोपाल। शहर के मानस भवन में पुलिस व श्री हिंदू समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों के बीच शनिवार को बैठक हुई। इसमें श्री हिन्दू उत्सव समिति की ओर से अनंत चतुर्दशी पर निकाले जाने वाले चल समारोह का मार्ग बदलने की मांग की गई। इसे पुलिस ने मान लिया। पहले चल सामरोह नादरा बस स्टैंड से घोड़ा नक्कास, हनुमानगंज, मंगलवारा, इतवारा, चिंतामन चौराहा, चौक लखेरापुरा, सोमवारा, कमला पार्क से होते हुए रानी कमलपाति घाट पर संपन्न होता था। अब समिति के पदाधिकारियों की मांग पर नया मार्ग नादरा से अल्पना सिनेमा, भारत सिनेमा, सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा, मंगलवारा, हनुमानगंज, जवाहर चौक जुमेराती, सिंधी मार्केट, सोमवारा से कमला पार्क होते हुए रानी कमलापति घाट तक निकालना जाएगा।
समाजसेवी प्रमोद नेमा ने बताया कि इतवारा से लेकर सोमवारा तक मार्ग संकरा है। साथ ही चिंतामन चौराहा और चौकी-चौक पर झांकियां फंसती थीं। कई मूर्तियां खंडित होती थीं, इसलिए बैठक में मार्ग बदलने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय का सभी ने स्वागत किया।
कलेक्टर को दिया था ज्ञापन
इससे पहले हिंदू उत्सव समिति ने चल समारोह का मार्ग परिवर्तित करने का कलेक्टर आशीष सिंह को ज्ञापन दिया था। कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस ने मार्ग बदलने का निर्णय लिया। बैठक में डीसीपी रियाज इकबाल, एडीसीपी शालिनी दीक्षित, श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष संतोष साहू लखपति, पूर्व अध्यक्ष नारायण कुशवाह, संजय अग्रवाल, कैलाश साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।











