इस बार बजट में नए टैक्स रिजाइम वालों के लिए बढ़ सकता है स्टैंडर्ड डिडक्शन
नई दिल्ली: देश में लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद नई सरकार बन चुकी है। मोदी 3.0 सरकार बनने के बाद अब सबकी निगाहें बजट पर हैं। अगले महीने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वर्ष 2024-25 का पूर्ण बजट पेश करने वाली हैं। लोगों को हर बार की तरह इस बार भी बजट से काफी उम्मीदें हैं। इस बार नए टैक्स नियमों के लिए सरकार मानक कटौती की सीमा बढ़ाने पर विचार कर रही है, जिसमें छूट वाली पुरानी व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। एनडीए सरकार अपने तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश करने की तैयारी कर रही है। ऐसे में पूंजीगत लाभ तंत्र में बड़े बदलाव करने की संभावना नहीं है। यह एक ऐसा मुद्दा है जिस पर आयकर विभाग समीक्षा की मांग कर रहा है। विभिन्न एसेट वर्गों में होल्डिंग अवधि को एक समान करने के सुझाव दिए गए हैं, लेकिन सरकार कम से कम फिलहाल इस प्रणाली में बदलाव करने के लिए इच्छुक नहीं है।











