पानी साफ करती है यह कंपनी, ट्यूनीशिया से मिला बड़ा ऑर्डर और 6% उछल गया यह शेयर

पानी साफ करती है यह कंपनी, ट्यूनीशिया से मिला बड़ा ऑर्डर और 6% उछल गया यह शेयर
नई दिल्ली: वीए टेक वाबैग लिमिटेड (Va Tech Wabag) का शेयर गुरुवार को शुरुआती कारोबार में 6.04% उछल गया। कीमत में तेजी के साथ-साथ इसके वॉल्यूम में भी 3.42 गुना से अधिक तेजी आई। इसके साथ ही कंपनी का वर्तमान बाजार पूंजीकरण 3,134.40 करोड़ रुपये पहुंच गया जो इस शेयर में निवेशकों की दिलचस्पी का संकेत है। यह एक अग्रणी भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनी है जो वॉटर ट्रीटमेंट में विशेषज्ञता रखती है। ट्यूनीशिया में कंपनी ने अपनी पोजीशन लगातार मजबूत की है। कंपनी के कंसोर्टियम ने बेजौआ वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के डिजाइन, निर्माण, संचालन (डीबीओ) के लिए दोबारा ऑर्डर हासिल किया है। इस प्लांट की रोजाना क्षमता 345 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रति दिन) है। लगभग 215 मिलियन ट्यूनीशियाई दीनार (लगभग 63 मिलियन यूरो) मूल्य की यह परियोजना Societe Nationale D'exploitation Et De Distribution Des Eaux (SONEDE) द्वारा शुरू की गई है।

वीए टेक वाबैग की SONEDE के साथ दो दशकों से अधिक समय से चली आ रही सफल साझेदारी और उनकी प्रतिस्पर्धी बोली ने इस दोबारा ऑर्डर को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस परियोजना को फ्रांसीसी विकास एजेंसी और यूरोपीय निवेश बैंक द्वारा वित्त पोषित किया गया है। इस काम को तीस महीने की अवधि में पूरा किया जाएगा। इसके बाद बारह महीने तक प्लांट का संचालन और रखरखाव किया जाएगा। इसमें WABAG के कार्य के दायरे में इंजीनियरिंग और प्रोक्योरमेंट और संचालन और रखरखाव शामिल हैं। इसमें डिजाइन, इंजीनियरिंग और आपूर्ति के साथ-साथ प्लांट की स्थापना और कमीशनिंग शामिल है। इसके बाद कंपनी के एक साल तक इसका संचालन और रखरखाव करना होगा। WABAG कंसोर्टियम का नेतृत्व करेगा और कंसोर्टियम पार्टनर Entreprise Gloulou Mohamed et Salem परियोजना से जुड़े सभी सिविल कार्यों के लिए जिम्मेदार होगा। कंपनी ने अपने निवेशकों को 100% से अधिक का रिटर्न देकर खुद को एक सच्चा मल्टीबैगर स्टॉक साबित किया है। वीए टेक वाबैग लिमिटेड का शेयर मल्टीबैगर के पैमाने पर खरा उतरता है। इसमें पर्याप्त खरीदारी गतिविधि देखी गई है और पिछले तीन वर्षों में इसने 179% से अधिक का रिटर्न दिया है।

Advertisement