इस बैंक ने ब्लॉक किए हजारों क्रेडिट कार्ड, 17 हजार यूजर्स का डेटा हुआ है लीक, जानिए क्या है मामला
नई दिल्ली: अगर आप क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो ये खबर आपके काम की है। आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) ने करीब 17 हजार क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक कर दिया है। आईसीआईसीआई बैंक के मुताबिक, हाल ही में जारी किए गए इन क्रेडिट कार्ड का ब्योरा गलत उपयोगकर्ताओं से जुड़ने का मामला सामने आने के बाद सारे कार्ड ब्लॉक कर दिए गए हैं। निजी क्षेत्र के बैंक ने कहा कि इस मामले में किसी भी कार्ड के किसी दुरूपयोग की सूचना नहीं है। लेकिन उसने कहा कि ग्राहक को किसी भी तरह का वित्तीय नुकसान होने पर वह उसका मुआवजा देने को तैयार है। एक सूत्र ने कहा कि बैंक के नये ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड का नंबर कुछ पुराने ग्राहकों के कार्ड के साथ गलती से जुड़ गए थे। इस गड़बड़ी की वजह से बैंक के मोबाइल ऐप पर चुनिंदा पुराने ग्राहकों को नए कार्डधारकों का पूरा ब्योरा दिखने लगा था।











