नामांकन का तीसरा दिन... आज निर्दलीय और कुछ पार्टी प्रत्याशी कर सकते हैं पर्चा दाखिल

नामांकन का तीसरा दिन... आज निर्दलीय और कुछ पार्टी प्रत्याशी कर सकते हैं पर्चा दाखिल
भोपाल। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जमा होने की प्रक्रिया शनिवार को शुरू हो गई थी। वहीं रविवार और विजयदशमी (मंगलवार) पर अवकाश होने की वजह से नामांकन पत्र जमा नहीं किए जा सके थे। बुधवार को नामांकन का तीसरा दिन है। उम्मीद जताई जा रही है कि आज कुछ निर्दलीय और पार्टी प्रत्याशी नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं।

आगे भी दो दिन अवकाश

भोपाल में अब तक सिर्फ मध्य और गोविंदपुरा क्षेत्र से ही नामांकन पत्र जमा हुए हैं जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्र से एक भी नामांकन पत्र जमा नहीं किया गया है। बता दें कि अब नामांकन पत्र जमा करने के लिए आज का दिन छोड़कर सिर्फ तीन दिन ही शेष बचेंगे। शनिवार और रविवार को अवकाश होने की वजह से नामांकन प्रक्रिया बंद रहेगी।

25 से अधिक प्रत्याशियों ने खरीदे नामांकन पत्र

जानकारी के अनुसार अब तक 25 से अधिक प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इनमें कुछ निर्दलीय तो कुछ पार्टी के प्रत्याशी शामिल हैं। दक्षिण-पश्चिम सीट पर नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, उत्तर से नासिर इस्लाम और हुजूर से जितेंद्र डागा ने भी नामांकन पत्र खरीदा है।

दूसरे दिन गोविंदपुरा से एक नामांकन

इधर नामांकन भरने के दूसरे दिन सिर्फ यूनिटी सेंटर आफ इंडिया कम्युनिष्ट पार्टी के उम्मीदवार ने गोविंदपुरा विधानसभा से नामांकन जमा किया था। एक निर्दलीय द्वारा आज नरेला से नामांकन पत्र जमा किया जा सकता है। उस निर्दलीय प्रत्याशी ने कहा कि हम सोमवार को पहुंचे, लेकिन आनलाइन जमा नहीं हो सका था।

पार्टी प्रत्याशियों ने लिए नामांकन फार्म

नामांकन दाखिल करने के लिए इस बार छह दिन का समय दिया गया है। जिसके तहत शनिवार और सोमवार का दिन निकल गया है। अब बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और सोमवार को नामांकन लिए जाएंगे। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने फार्म लेना शुरू कर दिया है। जिसके तहत सोमवार को गोविंदपुरा से भाजपा के लिए कृष्णा गौर और कांग्रेस से रवींद्र साहू ने नामांकन फार्म लिया है। यहां अन्य लोगों को मिलाकर नौ फार्म लिए गए हैं। नरेला में भी वर्तमान विधायक विश्वास सारंग ने भाजपा और कांग्रेस से मनोज शुक्ला ने फार्म लिया है। यहां भी नौ फार्म लिए गए हैं। हुजूर से भी भाजपा के लिए रामेश्वर शर्मा और कांग्रेस से नरेश ज्ञानचंदानी सहित पांच लोगों ने नामांकन फार्म लिए है। जबकि दक्षिण-पश्चिम से पीसी शर्मा सहित पांच लोगों ने नामांकन फार्म लिए है।

Advertisement