मृगनयनी एंपोरियम में थेवा ज्वेलरी उत्सव, गौहर महल में देखें दीपोत्सव प्रदर्शनी

मृगनयनी एंपोरियम में थेवा ज्वेलरी उत्सव, गौहर महल में देखें दीपोत्सव प्रदर्शनी

भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। गुरुवार 09 नवंबर को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

थेवा ज्वेलरी उत्सव - जवाहर चौक स्थित मृगनयनी कबीरा एंपोरियम में थेवा ज्वेलरी धनतेरस उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कांच की एक शीट पर जटिल रूप से तैयार किए गए सोने को उभारकर गहने बनाने की कला को थेवा के नाम से जाना जाता है। इन ज्वेलरी को मंदसौर जिले शिल्पी राकेश सोनी लेकर आए हैं जिन्होंने 24 कैरेट सोने से बेल्जियम ग्लास पर नक्कासी की है, जिसमें मोर एवं परंपरागत कुंदन, हार आदि पर डिजाइनों की आकर्षक ज्वेलरी है। यह आयोजन 10 नवंबर तक चलेगा। समय सुबह दस बजे से आठ बजे तक रहेगा।

चित्र प्रदर्शनी - मप्र जनजातीय संग्रहालय में प्रदेश के आदिवासी समुदाय के चित्रकारों की चित्र प्रदर्शनी हर माह लिखंदरा दीर्घा में लगती है। किसी एक जनजातीय चित्रकार की प्रदर्शनी सह विक्रय का संयोजन शलाका नाम से किया जाता है। इसी क्रम में इस माह भील समुदाय के चित्रकार दिलीप गणावा के चित्रों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। 43वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी 30 नवंबर तक जारी रहेगी।

माह का प्रादर्श - मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में नवंबर माह के प्रादर्श के रूप में इंडोनेशिया में छाया रंगमंच के सबसे पुराने और लोकप्रिय कला वेयांग कुलित : रामा व लक्ष्मण को शामिल किया है, जिसे वर्ष 1998 में संकलित किया गया था। इस प्रादर्श का संयोजन संग्रहालय एसोसिएट डा. पी. अनुराधा ने किया है। इस प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से देखा जा सकता है।

दीपोत्सव प्रदर्शनी - मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम का प्रदेश स्तरीय दीपोत्सव मेला इस वर्ष 27 अक्टूबर से दस नवंबर तक गौहर महल में आयोजित किया जा रहा है। दीपोत्सव प्रदर्शनी में मप्र के ग्रामीण अंचल और शहरी क्षेत्र के 55 शिल्पकार अपनी स्वनिर्मित कलाकृतियों का प्रदर्शन सह विक्रय गौहर महल के दीवान-ए-खास और दीवान-ए-आम में कर रहे हैं। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण दीपावली के अवसर पर ग्वालियर और धामना के दीपक हैं, जिनमें सौ से अधिक डिजाइन के दीये आए हैं। समय दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे तक है।
Advertisement