नवंबर में होने जा रहे हैं ये बड़े बदलाव, सीधा आम आदमी की जेब पर डालेंगे असर, पूरी डिटेल
Updated on
25 Oct 2023, 03:14 PM
नई दिल्ली: अभी अक्टूबर का महीना खत्म होने में 5 दिन बाकी हैं। इसके बाद नवंबर महीने की शुरुआत हो जाएगी। देश में हर महीने की पहली तारीख को कई बदलाव होते हैं। ये बदलाव सीधे आम आदमी की जेब से जुड़े होते हैं। अगले महीने यानी नवंबर में भी पहली तारीख को कई बदलाव होने जा रहे हैं। आपको इन बदलावों के बारे में पहले से जानकारी होना जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है। यहां हम आपको नवंबर में होने जा रहे सभी बड़े बदलावों के बारे में पूरी जानकारी देने जा रहे हैं। इन बदलावों में जीएसटी से लेकर लैपटॉप इंपोर्ट तक कई बदलाव शामिल हैं। आईए आपको बताते हैं इन बदलावों के बारे में।
होने जा रहे ये बदलाव
एलपीजी सिलेंडर के दाम हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर के दामों में बदलाव की संभावना रहती है, क्योंकि हर महीने की पहली तारीख को इनकी समीक्षा होती है। ऐसे में इनमें बढ़ोतरी भी हो सकती है और कटौती भी। साथ ही ऐसा भी हो सकता है कि कीमतों में कोई बदलाव न किया जाए यानी मौजूदा रेट बरकरार रखा जाए। वहीं राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र यानी एनआईसी के मुताबिक, सौ करोड़ रुपये या उससे ज्यादा के कारोबार वाले बिजनस को एक नवंबर से 30 दिनों के अंदर ई चालाना पोर्टल पर जीएसटी चालान अपलोड करना होगा। जीएसटी अथॉरिटी ने ये फैसला सितंबर में लिया था।
इंपोर्ट को लेकर डेडलाइन
सरकार ने 30 अक्टूबर तक एचएसएन 8741 कैटेगरी के तहत आने वाले लैपटॉप टैबलेट, पर्सनल कंप्यूटर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक चीजों के इंपोर्ट पर छूट दी थी। हालांकि एक नवंबर से क्या होगा इसके बारे में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
लेनदेन शुल्क
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई ने बीते 20 अक्टूबर को ऐलान किया था कि वह 1 नवंबर से इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट पर लेनदेन शुल्क बढ़ाएगा। ये बदलाव एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स ऑप्शंस पर लगाए जाएंगे। लेनदेन की लागत बढ़ाने से व्यापारियों इसमें भी विशेषकर खुदरा निवेशकों पर नकारात्मक असर पड़ेगा।