बांग्लादेश के बाहर होने पर बवाल
यह पूरा मामला ICC के फैसले, बांग्लादेश की सुरक्षा चिंताओं और पाकिस्तान के संभावित रुख के इर्द-गिर्द घूम रहा है। मोहम्मद यूसुफ ने X पर एक पोस्ट में कहा कि न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, स्कॉटलैंड, नेपाल, नीदरलैंड, आयरलैंड, नामीबिया, जिम्बाब्वे, श्रीलंका और अफगानिस्तान जैसे 10 देशों की कुल क्रिकेट दर्शक संख्या, बांग्लादेश के अकेले के बराबर है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, '10 देशों को मिलाकर: 178 मिलियन, अकेले बांग्लादेश: 176 मिलियन।' यूसुफ ने आगे कहा कि खेल दुनिया भर के दर्शकों पर चलता है, ऐसे में बांग्लादेश की सुरक्षा चिंताओं को नजरअंदाज करना ICC के फैसलों और शासन पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब सुविधाएं चुनिंदा हो जाती हैं, तो निष्पक्षता खत्म हो जाती है। खेल का प्रशासन प्रभाव से नहीं, बल्कि सिद्धांतों से चलना चाहिए।यूसुफ के ट्वीट में गलती
हालांकि, यूसुफ के इस दावे को एक 'कम्युनिटी नोट' के जरिए गलत साबित कर दिया गया। कम्युनिटी नोट में स्पष्ट किया गया कि यूसुफ द्वारा बताए गए आंकड़े (178 मिलियन और 176 मिलियन) उन देशों की जनसंख्या को दर्शाते हैं, न कि क्रिकेट दर्शकों की संख्या को। नोट में यह भी बताया गया कि वैश्विक दर्शक संख्या के हिसाब से बांग्लादेश की हिस्सेदारी 4-5% है, जबकि ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट देखने वाले घरों की संख्या काफी ज्यादा है।यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब ICC ने बांग्लादेश की अपने वेन्यू बदलने की मांग को 'अनुचित' करार दिया। ICC को बांग्लादेश सरकार द्वारा बताई गई सुरक्षा चिंताओं में कोई ठोस खतरा नहीं मिला। इसी वजह से बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह स्कॉटलैंड को मौका दिया गया। यह टूर्नामेंट 07 फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू होने वाला है।











