नई दिल्ली: देश में अब लग्जरी मकानों की बिक्री में उछाल आया है। लग्जरी मकानों की जमकर बिक्री हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक,ऊंची आर्थिक हैसियत वाले लोग (एचएनआई) अब लक्जरी आवासीय इकाइयों को खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। यही वजह है कि पिछले साल देश के सात प्रमुख शहरों में चार करोड़ रुपये या उससे अधिक दाम के घरों की बिक्री में 75 प्रतिशत की भारी वृद्धि देखी गयी। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी सीबीआरई ने बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, सात प्रमुख शहरों में से दिल्ली-एनसीआर में सबसे अधिक तेजी रही और यहां लक्जरी घरों की बिक्री में लगभग तीन गुना उछाल आया।
इस रिपोर्ट के मुताबिक, कैलेंडर वर्ष 2023 में चार करोड़ रुपये या उससे अधिक कीमत के 12,935 घरों की बिक्री हुई जबकि साल 2022 में यह संख्या 7,395 इकाई थी। इस तरह लक्जरी घरों की बिक्री में 75 प्रतिशत का बड़ा उछाल देखा गया।











