अनंत-राधिका की शादी के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर लगने वाला है 'जाम', जानिए कैसे
नई दिल्ली: एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के बेटे अनंत अंबानी (Anant Ambani) और राधिका मर्चेंट (Radhika Merchant) की कल यानी शुक्रवार को मुंबई में शादी होने जा रही है। इसके लिए दुनियाभर की कई जानी-मानी हस्तियों को न्योता भेजा गया है। इनमें राजनीति और बिजनस जगत के कई दिग्गज शामिल हैं। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक अंबानी परिवार ने मेहमानों को लाने और ले जाने के लिए तीन फाल्कन-2000 विमानों को किराये पर लिया है। साथ ही इस दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर 100 से अधिक प्राइवेट विमानों के आने की संभावना है। अनंत और राधिका की शादी 12 जुलाई को होगी। इसके बाद 13 जुलाई को शुभ आशीर्वाद कार्यक्रम और 14 जुलाई को रिसेप्शन होगा। ये सभी प्रोग्राम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में जियो वर्ल्ड सेंटर में होंगे।











