रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन शेयर मार्केट में छुट्टी इस वजह से शनिवार को खोला गया बाजार, BSE और NSE पर पूरे दिन ट्रेडिंग होगी

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन शेयर मार्केट में छुट्टी इस वजह से शनिवार को खोला गया बाजार, BSE और NSE पर पूरे दिन ट्रेडिंग होगी

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार में भी छुट्टी रहेगी। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में 22 जनवरी को अवकाश घोषित किया है। ऐसे में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इस दिन कोई कारोबार नहीं होगा।

22 जनवरी की छुट्टी के चलते शनिवार को पूरे दिन मार्केट को ओपन रखा गया है, जबकि आमतौर पर शनिवार को बाजार की छुट्‌टी रहती है। पहले शनिवार को 2 घंटे मार्केट खोलने की चर्चा थी, लेकिन 20 जनवरी के सर्कुलर में कहा गया कि शनिवार को पूरे दिन, यानी सुबह 9 से दोपहर 3:30 बजे तक बाजार में कारोबार होगा।

ओपनिंग के साथ ही शेयर बाजार में तेजी
भारतीय शेयर बाजार में आज यानी 20 जनवरी को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 325 अंक की तेजी के साथ 72,008 पर खुला। वहीं निफ्टी में भी 84 अंक की तेजी रही। ये 21,706 के लेवल पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में तेजी और सिर्फ 2 में गिरावट देखने को मिल रही है। पावर और बैंकिंग शेयर्स में ज्यादा बढ़त है।

ICICI बैंक और इरेडा सहित कई कंपनियों के नतीजे आएंगे
आज कई कंपनियां अपने तिमाही नतीजे जारी करने जा रही हैं। इसमें कोटक महिंद्रा बैंक, केन फिन होम्स, ICICI बैंक, IDBI बैंक, IDFC फर्स्ट बैंक, इरेडा, जम्मू एंड कश्मीर बैंक, जे के सीमेंट, परसिस्टेंट सिस्टम्स और यूनियन बैंक शामिल हैं।

2,000 का नोट बदलने या जमा करने की सुविधा भी 22 जनवरी को बंद रहेगी
इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ऑफिसों में भी 2,000 का नोट बदलने या जमा करने की सुविधा 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन बंद रहेगी।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने केंद्रीय संस्थानों और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों के संबंध में आदेश जारी किया था कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बीमा कंपनियों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) में 22 जनवरी (सोमवार) को आधे दिन का अवकाश रहेगा।

केंद्रीय बैंक ने कहा, 'भारत सरकार द्वारा घोषित आधे दिन के अवकाश के कारण 2000 रुपए के बैंक नोटों के विनिमय/जमा की सुविधा सोमवार 22 जनवरी को भारतीय रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में से किसी में भी उपलब्ध नहीं होगी।'

 रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भी 22 जनवरी को देशभर में अपने सभी ऑफिसों में छुट्टी की घोषणा की है।

सेंसेक्स 496 अंक की तेजी के साथ 71,683 के स्तर पर बंद हुआ
वहीं कल यानी 19 जनवरी को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 496 अंक की तेजी के साथ 71,683 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 160 अंक की तेजी रही, यह 21,622 के लेवल पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में तेजी और 4 में गिरावट देखने को मिली थी। ONGC का शेयर निफ्टी का टॉप गेनर रहा था।


Advertisement