भोपाल। नगर निगम द्वारा आफ स्ट्रीट और आन स्ट्रीट पार्किंग निश्शुल्क होने के बाद से पार्किंग स्थल अव्यवस्था के शिकार होते जा रहे हैं। अव्यवस्थित पार्किंग की वजह से यहां वाहन पार्क करने के लिए लोगों को जगह नहीं मिल रही है। आइएसबीटी, एमपी नगर, न्यूमार्केट समेत एक दर्जन पार्किंग स्थलों से बीते छह माह में 90 से अधिक दो पहिया वाहनों के चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन अब तक नगर निगम न तो यहां सीसीटीवी लगा पाया और न ही यहां वाहनों की सुरक्षा के लिए चौकीदारों की तैनाती की गई।
पार्किंग स्थल लावारिस
बता दें कि एक मई 2022 से नगर निगम द्वारा मल्टीलेवल और प्रीमियम पार्किंग को छोड़कर अन्य स्थानों को शुल्क-मुक्त कर दिया गया था। 15 मई 2022 से नए वाहन खरीदने वालों से ये शुल्क एकमुश्त वसूला जा रहा था। लेकिन छह माह में ही कोर्ट के निर्देश के बाद नगर निगम को एकमुश्त वसूली में रोक लगानी पड़ गई। अब ना तो नगर निगम पार्किंग को ठेके में दे पा रहा है और ना ही एकमुश्त वसूली हो रही है। ऐसे में नगर निगम के अधिकारियों ने भी शहर के पार्किंग स्थलों को लावारिस हालत में छोड़ दिया है। नतीजतन यहां आने वाले लोग पार्किंग के मुख्य द्वार पर ही चार पहिया वाहन खड़ा कर देते हैं, लेकिन इन्हें मना करने वाला कोई नहीं था। लेकिन इसके पार्किंग में आने वाले लोगों को बाहर ही गाड़ियां पार्क करनी पड़ती है।
आइएसबीटी से ही 15 वाहन चोरी
आइएसबीटी स्थित निगम मुख्यालय के पास उपभोक्ताओं के लिए बनाई गई स्मार्ट पार्किंग देखरेख के अभाव में बदहाल होती जा रही है। अकेले आईएसबीटी से ही बीते एक महीने में 15 से अधिक दो पहिया वाहन चोरी हो चुके हैं। इनमें से एक दर्जन मामलों में गोविंदपुरा थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई है, जबकि अन्य मामलों में वाहन के कागज व अन्य दस्तावेज नहीं होने से थाने में शिकायत नहीं दर्ज हो पाती है। इसके अलावा न्यूमार्केट से 10, एमपी नगर जोन-टू से 12 व पुराने आरटीओ के पास बनी स्मार्ट पार्किंग से आठ वाहन चोरी होने की शिकायतें आई हैं।
पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे भी नहीं
उपभोक्ताओं का कहना है कि पार्किंग शुल्क में छूट मिलने के बाद लोगों को वाहन चोरी का डर सताने लगा है। इसका मुख्य कारण इन स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों और सीसीटीवी नही लगे होना है। एक माह पहले कोलार निवासी प्रकाश तिवारी दस नंबर मार्केट गए थे। उन्होंने स्मार्ट पार्किंग में अपनी एक्टिवा खड़ी की थी। जब खरीदारी करके वो वापस आए तो पार्किंग स्थल पर उनकी एक्टिवा नहीं थी। इसे बाद हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
इनका कहना
नगर निगम ने पार्किंग निश्शुल्क कर दी, लेकिन यहां व्यवस्थाएं नहीं मिल रही हैं। वाहन पार्क करने के बाद सुरक्षा का भरोसा नहीं होता।
- सुधीर पांड्या, बरखेड़ी
बीते दो माह पहले आइएसबीटी स्थित निगम की पार्किंग में दो पहिया वाहन पार्क कर मंडीदीप गए थे, वापस लौटे तो वाहन नहीं मिला।
- विपिन त्रिपाठी, अवधपुरी
एक तरफ निगम ने पार्किंग निश्शुल्क कर दी है, इधर अवैध वसूली जारी है। लेकिन इनके खिलाफ नगर निगम द्वारा कोई कार्रवाई नहीं होती।
- सुरेश मिश्रा, पिपलानी
एक सप्ताह पहले एमपी नगर जोन वन में मनोहर डेरी के सामने गाड़ी पार्क की। दो घंटे बाद वापस लौटे तो इससे पेट्रोल चोरी हो चुका था।
- मुकेश ठाकुर, खजूरी कलां
नगर निगम के पार्किंग स्थलों को लेकर कोर्ट में प्रकरण चल रहा है। हालांकि निगम द्वारा कोशिश की जा रही है कि यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हों। इसके लिए जल्द ही सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था करेंगे।
- टीना यादव, अपर आयुक्त नगर निगम











