भोपाल। जहांगीराबाद इलाके में दो दिन पहले सूदखोर से परेशान होकर एक युवक ने जहर पीकर अपनी जान देने की कोशिश की थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवक को सोमवार को होश आया। जहां उसने अपने बयान में बताया कि उसने दानिश बाडी बिल्डर से ब्याज पर 40 हजार रुपये लिए थे। वह रोजाना 400 रुपये वसूलता था। अब पुलिस इस मामले में एफआइआर दर्ज करने की तैयारी में है।
सलमान ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि दानिश को वह उधार ली गई रकम से कहीं ज्यादा धनराशि लौटा चुका था, लेकिन उसका ब्याज बंद ही नहीं हो रहा था। सलमान ने जहर पीकर खुदकुशी का प्रयास करने से पहले पहले वीडियो बनाकर बहुप्रसारित किया था। उस वीडियो में उसने तीन लोगों के नाम बताए थे, अब वह एक का ही नाम बता रहा है। उसके बयान के बाद अब पुलिस उस सूदखोर की जानकारी जुटा रही है।
दोस्त के पिता ने कर दिया था हिसाब पूरा
पुलिस को दिए बयान में सलमान ने बताया कि आरोपित दानिश कभी उसके दोस्त मूसा रियाज के घर अपने ब्याज के रुपये वसूलने पहुंच जाता था। इससे उसका पूरा परिवार दहशत में रहता था। उसके परिवार का कहना था कि वह पूरा कर्ज सूद के साथ अदा कर चुके हैं। इसके बाद भी वह डेढ़ लाख रुपये मांग रहा था। इसके पर मूसा के पिता ने 80 हजार रुपये उसे दे दिए थे। उसके बाद उसने कहा था कि अब पूरा कर्ज चुका दिया गया है। इसके बाद भी वह रुपये के लिए उस पर दबाव बनाकर परेशान कर रहा था। वह कभी उसे धमकाता तो मुझें धमका रहा था। उसकी रोजाना की यह गुंडागर्दी से वह परेशान हो गया था।
इधर, अब इस मामले में पुलिस जल्द ही कोई कार्रवाई कर सकती है। जहांगीराबाद टीआइ अजय तिवारी ने बताया कि आरोपित पर एफआइआर करने की तैयारी हो गई है। उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।











