करुणाधाम में तीन दिवसीय गुरुदेवालय स्थापना समारोह का आज होगा शुभारंभ, निकलेगी भव्य वाहन रैली

करुणाधाम में तीन दिवसीय गुरुदेवालय स्थापना समारोह का आज होगा शुभारंभ, निकलेगी भव्य वाहन रैली
भोपाल । नेहरू नगर स्थित करुणाधाम आश्रम में तीन दिवसीय गुरूदेवालय स्थापना समारोह रविवार यानी आज से शुरू हो रहा है। इस मौके पर 'सेवा परमो धर्म:' पर आधारित भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी। वाहन रैली संत हिरदाराम नगर चंचल चौराहे से दोपहर ढाई बजे शुरू होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए नेहरू नगर करुणाधाम आश्रम शाम पांच बजे तक पहुंचेगी।

पहले दिन वाहन रैली, महाआरती

आश्रम के पीठाश्वर सुदेश शांडिल्य महाराज ने बताया कि आश्रम के पितृपुरुष बह्मलीन गुरूदेव बालगोविंद शांडिल्य महाराज और दुर्गा शांडिल्य जी के श्रीविग्रह स्थापना पर यह गुरु पर्व मनाया जा रहा है। तीन दिन के पर्व में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। जन-सामान्य को सेवा के भाव से जोड़े रखने और उन्हें सेवा के महत्व को बताने के उद्देश्य से प्रथम दिन 27 अगस्त को सेवा परमो धर्म: वाहन रैली निकाली जाएगी। इसी दिन आश्रम के ईशावास्यम् में शाम 7:30 बजे से मां महालक्ष्मी और गुरुदेव की महाआरती होगी।

सोमवार-मंगलवार को यह कार्यक्रम

दूसरे दिन सोमवार सुबह आठ बजे से गुरुदेवालय में परमपूज्य श्रीविग्रह की स्थापना होगी। साथ ही गुरुदेव भजन और गुरुदेव पूजन होगा। रात आठ बजे से विश्व विख्यात गायिका आर्ट आफ लिविंग एवं गिनीज बुक रिकार्ड होल्डर चित्रा राय की भजन संध्या होगी। अंतिम दिन मंगलवार शाम छह बजे से गुरु चालीसा, गुरु गीता सस्वर पाठ होगा। इसके बाद रात आठ बजे से विश्व विख्यात गुरु भजन गायन अजय सिंह (भाईजी) की भजन संध्या रखी गई।

लोक-कल्याणकारी कार्यों का उठाया है बीड़ा

पीठाश्वर सुदेश शांडिल्य महाराज ने बताया कि धर्म, आस्था और विश्वास का केन्द्र सेवा का पर्याय करुणाधाम आश्रम ने विभिन्न सेवा प्रकल्प ले रखे है। यहां चल रहे अन्न क्षेत्र से लगभग 35 लाख लोग लाभ ले चुके है। करुणाधाम के एम्स स्थित विश्रामालय में लगभग पांच लाख लाभांवित हुए हैं। आश्रम द्वारा संचालित 10 शिक्षण केंद्रों में 700 से अधिक विद्यार्थी निश्शुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। गरीब मरीजों के लिए निश्शुल्क एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से 2100 लोगों को राहत पहुंचाई गई। निश्शुल्क होम्योपैथी चिकित्सा से अभी तक तीन लाख 20 हजार लोगों का इलाज किया गया है।
Advertisement