पांच रुपल्ली से भी कम का है शेयर, गिरते बाजार में भी हर रोज फंस रहा है अपर सर्किट में, आखिर क्यों?
मुंबई: फाइनेंस और बैंकिंग सेक्टर में करिअर बनाने वालों के लिए ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉम चलाने वाली एक कंपनी है विंटेज नॉलेज एकेडमी (Vantage Knowledge Academy)। बीते 17 दिसंबर को BSE में इसका शेयर 90 रुपये से ऊपर ट्रेड हुआ था। यह बीते 20 अगस्त को गिर कर 3.27 रुपये तक गिर गया था। इस समय फिर से इस स्टॉक में तेजी दिख रही है। 20 अगस्त के बाद से ही इसका शेयर हर रोज अपर सर्किट में फंस रहा है। अभी भी इस शेयर की कीमत 4.50 रुपये से कम है। हम बता रहे हैं कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है।
क्या चल रही है शेयर की कीमत
आज बीएसई में सुबह के सत्र में ही खूब गिरावट दिख रही है। सुबह 10 बजे बीएसई सेंसेक्स करीब 600 अंक नीचे था। तब भी विंटेज नॉलेज एकेडमी के शेयर पांच फीसदी बढ़ कर अपर सर्किट पर पहुंच गया। कल भी यह अपर सर्किट में 4.15 रुपये पर बंद हुआ था। आज यह 4.35 रुपये पर बंद हुआ। यह शेयर पिछले कई दिनों से अपर सर्किट में ही बंद हो रहा है।
शेयर में क्यों आया उछाल
Vantage Knowledge Academy ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि इसने Chartered Global Investment Banker (CGIB) सर्टिफिकेशन प्रोग्राम को भारत में आधिकारिक रूप से लॉन्च किया है। दरअसल, उसका CGIB प्रोग्राम 23 अगस्त, 2025 को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित MoneyExpo इवेंट में आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया था। CGIB सर्टिफिकेशन एक व्यापक, तीन-स्तरीय प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन है। यह उन लोगों के लिए है जो इन्वेस्टमेंट बैंकिंग में अपना करियर बनाना चाहते हैं या जो अभी शुरुआत कर रहे हैं। यह 18 महीने का प्रोग्राम है। Vantage CBIG सर्टिफिकेशन डिटेल्स के अनुसार Chartered Global Investment Banker प्रोग्राम को Investment Banker's Foundation ने विकसित किया है। Vantage Knowledge Academy इसकी आधिकारिक ट्रेनिंग पार्टनर है।











