भोपाल । अवधपुरी इलाके में एक ट्रक के चालक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी पुलिस को सुना दी। आरोपित पुलिस के सामने मनगढ़ंत कहानी सुनाते समय बिल्कुल घबराया तक नहीं। पुलिस ने उनकी बात पर यकीन कर पहले एफआइआर दर्ज की, बाद में जब मामले की जांच शुरू की तो पुलिस को चालक पर संदेह हुआ। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को सुनाई यह कहानी
अवधपुरी थाना प्रभारी ने बताया कि कानासैया बिलखिरिया निवासी 24 वर्षीय राहुल नायक ट्रक चालक है। उसने थाने आकर बताया था कि वह ट्रक चलाता है और ट्रांसपोर्टर नजाकत खान के ट्रक में किसान पाइप भरकर छिंदवाड़ा गया था। जहां उसने माल उतारा और करीब तीन लाख 93 हजार रुपये लेकर वापस आ रहा था। रास्ते में बिलखिरिया थाना क्षेत्र के झागरिया बायपास रोड पर उसके ट्रक को दो बाइक सवार ने रोक लिया और लोहे की राड से ट्रक का सामने का कांच तोड़ दिया। बाद में वह राहुल नायक से तीन लाख 93 हजार रुपये व एक मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
ऐसे हुआ खुलासा
शिकायत पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर की। पुलिस ने जब घटनास्थल देखा तो पुलिस को मामला गड़बड़ लगा। आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो उन्होंने भी ऐसी किसी घटना से अनभिज्ञता जाहिर की। इस पर पुलिस को ट्रक के ड्राइवर पर शंका हुई। जब उससे पूछताछ की तो उसने घटना अपने साथियों के साथ करना कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह लालच में आ गया था। इसलिए उसने दो दोस्त अभिषेक और संजय नायक को अपने साथ मिला लिया था और रकम लूटने की योजना बनाई थी।











