भोपाल : मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मंच, होर्डिंग और गाड़ी में नेताओं के बैठने को लेकर नई गाइडलाइन बनाई है। अब मंच पर केवल प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद या राज्यसभा सदस्य, विधायक, जिला अध्यक्ष और अग्र संगठन के अध्यक्ष को ही जगह मिलेगी। मंच पर कोई कुर्सी भी नहीं लगाई जाएगी।
दरअसल, 10 मार्च को भोपाल में किसान कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान मंच गिर गया था। इसमें कांग्रेस नेता राजीव सिंह के पेट में गंभीर चोट आई थी। उनके पेट में लोहे की छड़ घुस गई थी। वहीं 10-12 अन्य लोगों को भी चोट लगी थी, घटना के बाद प्रदर्शन को रोक दिया गया था।
संकल्प पत्र में भाजपा द्वारा की गई घोषणाओं को पूरा नहीं करने को लेकर कांग्रेस ने यह आयोजन किया था, जिसमें प्रदेश भर से 3000 कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए थे।