भोपाल। राजधानी में बसे सिंधी विस्थापित परिवारों एवं झुग्गी बस्तियों में रहने वालों की पट्टे संबधित समस्या जल्द ही खत्म हो जाएगा। विधायक रामेश्वर शर्मा ने गुरूवार को पट्टे वितरित करते हुए यह बात कही।
78 सिंधी विस्थापित परिवारों को मिला पट्टा
संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में बस स्टैंड पर नगर निगम द्वारा निर्मित महाराणा प्रताप शापिंग काम्पलेक्स का लोकार्पण करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की घोषणा के अनुरूप पट्टों की समस्या का हल निकाला जा रहा है। रामेश्वर के अनुसार समारोह में वार्ड तीन, चार एवं पांच के 1270 पट्टों का वितरण किया गया। इनमें से 78 पट्टे सिंधी विस्थापित परिवारों को दिए गए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वन ट्री हिल्स क्षेत्र के भूखंडों की लीज नवीनीकरण का मामला भी जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। कुछ इलाकों में लैंड यूज परिवर्तन कराया जा रहा है, ताकि वहां बसे लोगों को भी पट्टे मिल सकें।
संतजी की प्रतिमा का अनावरण आज
गुलाब उद्यान में जीव सेवा संस्थान के सहयोग से स्थापित संत हिरदारामजी की प्रतिमा का अनावरण शुक्रवार को किया जाएगा। गुलाब उद्यान को हाल ही में नगर निगम ने विकसित किया है। इसका लोकार्पण भी शुक्रवार को विधायक रामेश्वर शर्मा करेंगे। यह गुलाब उद्यान सीहोर नाका क्षेत्र में बड़ी झील के किनारे विकसित किया गया है। यहां हरियाली के बीच लोग सुबह एवं शाम के समय सैर करने आ सकेंगे।











