रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चैंपियन बनाएगा नया लीडर! इस सिक्सर किंग की कप्तानी में खेलेंगे विराट कोहली

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चैंपियन बनाएगा नया लीडर! इस सिक्सर किंग की कप्तानी में खेलेंगे विराट कोहली
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे मशहूर फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को नया कप्तान मिल गया है। हालांकि, यह विराट कोहली के चाहने वालों के लिए थोड़ा हैरान करने वाली खबर है, क्योंकि क्रिकेट किंग कप्तान के रूप में नहीं दिखेंगे। टीम के होनहार और विस्फोटक बल्लेबाज रजत पाटीदार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का कप्तान घोषित किया गया है। फ्रेंचाइजी ने 13 फरवरी यानी आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कप्तान के नाम का ऐलान किया। रजत पाटीदार ने अपनी शानदार बैटिंग के दम पर पिछले सीजन काफी मैच जितवाए थे।

विराट कोहली ने रजत पाटीदार के नाम का किया ऐलान

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विराट कोहली का भी वीडियो दिखाया गया, जिसमें उन्होंने रजत पाटीदार की तारीफ करते हुए कप्तान बनाए जाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा- रजत पाटीदर इस फ्रेंचाइजी में निखरे हैं। उनके अंदर क्षमता है। हम सभी का सपोर्ट उन्हें रहेगा। हम सभी चाहते हैं कि वह टीम की महानता को आगे लेकर जाएं। साथ ही कोहली ने फैंस से कहा- मुझे उम्मीद है नए कप्तान रजत को खूब सपोर्ट मिलेगा।

रजत पाटीदार का आईपीएल करियर

रजत पाटीदार 2021 से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा हैं। उन्हें पहले सीजन में सिर्फ 4 मैच मिले थे, जबकि उन्होंने 71 रन बनाए थे। हालांकि, 2022 में उन्होंने एक शतक सहित 8 मैचों में 333 रन ठोके, जबकि 152.75 का स्ट्राइक रेट रहा। 2024 में भी उनका बल्ला खूब बोला। उन्होंने 15 मैचों की 13 पारियों में 395 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 177.13 का रहा। आईपीएल करियर में उनके नाम 27 मैचों में 799 रन हैं, जिसमें एक शतक और 7 अर्धशतक है।

फाफ डु प्लेसिस के जाने के बाद से खाली थी पोस्ट

पिछले सीजन तक साउथ अफ्रीका के धाकड़ फाफ डु प्लेसिस कप्तान थे। हालांकि, टीम को खिताब जितवाने का सपना वह भी पूरा नहीं कर सके। 2016 में विराट कोहली की कप्तानी में टीम फाइनल में पहुंची थी, जहां डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदाबाद से हार का सामना करना पड़ा था। विराट कोहली के लिए वह सीजन जबरदस्त रहा था। उन्होंने अकेले 4 शतक ठोकते हुए 973 रन बनाए थे।
Advertisement