छुट्टियों के लिहाज से 2026 कर्मचारियों के लिए कुछ हद तक राहत भरा साबित हो सकता है। साल 2025 की तुलना में 2026 में एक सार्वजनिक अवकाश अधिक घोषित किया गया है। सरकार ने इस बार गणेश चतुर्थी (14 सितंबर) को भी सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल किया है। इसके साथ ही 2026 में कुल सार्वजनिक अवकाशों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है, जो कर्मचारियों के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
कर्मचारियों को मिलेगा 62 ऐच्छिक अवकाश
इसके अलावा, कर्मचारियों को 62 ऐच्छिक अवकाशों (Optional Holidays) की सूची भी उपलब्ध कराई गई है। इन ऐच्छिक छुट्टियों में से कर्मचारी अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार तीन अवकाशों का चयन कर सकेंगे। इससे विभिन्न समुदायों और व्यक्तिगत जरूरतों के अनुसार छुट्टियां लेने में कर्मचारियों को लचीलापन मिलेगा।
शनिवार और रविवार ने किया कर्मचारियों का नुकसान
छुट्टियों की कुल संख्या बढ़ने के बावजूद कर्मचारियों को एक तरह से नुकसान भी उठाना पड़ेगा। वर्ष 2026 में 6 महत्वपूर्ण त्योहार और जयंती शनिवार या रविवार को पड़ रही हैं। चूंकि ये दिन पहले से ही साप्ताहिक अवकाश होते हैं, इसलिए कर्मचारियों को अलग से अतिरिक्त छुट्टी का लाभ नहीं मिलेगा। इससे लगातार छुट्टियां मिलने की संभावनाएं कम हो गई हैं, जिसका असर कर्मचारियों की यात्रा और लंबे अवकाश की योजनाओं पर पड़ सकता है।











