शौच करते युवक पर हमला करने वाला तेंदुआ 48 घंटे बाद कैद, वन विभाग के छूटे पसीने, ऑपरेशन तक 9 लोग हुए घायल

शौच करते युवक पर हमला करने वाला तेंदुआ 48 घंटे बाद कैद, वन विभाग के छूटे पसीने, ऑपरेशन तक 9 लोग हुए घायल
उमरिया: जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक खूंखार तेंदुए ने 4 लोगों को घायल कर दिया था। इस आतंकी तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने 48 घंटे तक कड़ी मशक्कत की। आखिरकार तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया गया, लेकिन इस दौरान 5 और लोग घायल हो गए। इस पूरे घटनाक्रम में तेंदुए आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया है।
यह घटना मानपुर बफर रेंज के हिरौली और कुदरी गांव की है। यहां एक तेंदुए ने 4 लोगों पर हमला कर दिया था। ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की।

वन प्रशासन की टीम ने शुरू किया अभियान


वन विभाग की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। पुलिस और वन विभाग की टीम ने 48 घंटे तक हाथियों के साथ जंगल में डेरा डाले रखा। कई जगह पिंजरे लगाए गए, लेकिन तेंदुआ शातिर निकला और वह किसी भी जाल में नहीं फंसा।

फिर किया लोगों पर हमला


सुबह एक बार फिर वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश शुरू की। 100 से ज़्यादा लोग और दो हाथी इस अभियान में शामिल थे। शाम को तेंदुआ एक बार फिर दिखाई दिया और उसने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस बार उसने कई लोगों को घायल कर दिया, जिनमें से 3 वन विभाग के कर्मचारी और 2 ग्रामीण थे।

रहवासियों ने नहीं मानी हार


हालांकि, सभी लोग हिम्मत से डटे रहे और आखिरकार तेंदुए को खोहरी गांव के पास बरैयाडांड़ जंगल से पकड़ लिया गया। तेंदुए को पकड़ने में वन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डॉक्टर की निगरानी में हो रहा खूंखार का इलाज


बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ एक मादा है और उसकी उम्र लगभग 2 वर्ष है। फिलहाल उसे ताला कैम्प में रखा गया है। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।


ग्रामीणों में दहशत का माहौल


इस घटना के बाद ग्रामीणों में अभी भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पार्क एरिया के चारों तरफ चैन लिंक फेंसिंग कर दी जाए तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
Advertisement