भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी बरकरार है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। खजुराहो एवं शहडोल में शीतलहर का प्रभाव रहा। ग्वालियर, दतिया में अति घना कोहरा रहा। खजुराहो, रीवा एवं सतना में घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के कारण ग्वालियर में अधिकतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो ग्वालियर के न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस की तुलना में सिर्फ 3.3 डिग्री अधिक रहा।
साथ ही यह अभी तक के मौजूदा रिकॉर्ड में दिन का सबसे कम तापमान भी है। ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्यौपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर में शीतल दिन रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं।
मुरैना और ग्वालियर के स्कूलों में दो दिन बढ़ी का अवकाश
ठंड को देखते हुए ग्वालियर कलेक्टर ने शासकीय व अशासकीय स्कूलों में कक्षा आठवीं तक छात्रों की छुट्टी कर दी है। यह अवकाश नौ व 10 जनवरी को रहेगा। यह आदेश सीबीएसई, शिक्षा विभाग व आइसीएसई सहित सभी शासन से मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों पर नौ से 31 जनवरी तक पोषण आहार के लिए बच्चे प्रातः 11.30 से दोपहर 2.30 बजे तक आ सकेंगे। इसके बाद बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। वहीं मुरैना में आज और कल के दिन स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
साढ़े चार घंटे देरी से आई वंदे भारत, घंटों लेट हुईं कई ट्रेनें
ग्वालियर में कोहरे के चलते ट्रेनों के देरी से चलने का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। शताब्दी, वंदे भारत, राजधानी, गतिमान एक्सप्रेस जैसी हाइ स्पीड ट्रेनें भी घंटों की देरी से चलीं। सबसे अधिक सचखंड एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। बाकी ट्रेनें एक से तीन घंटे तक लेट रहीं। ट्रेनों के सफर का समय बढ़कर दोगुना हो गया है। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सर्दी के मौसम में घंटों यात्रियों को प्लेटफार्म पर खड़े होकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है। कोहरा का असर सिर्फ सुबह के समय ही नहीं, बल्कि पूरे दिन बना है। इसके चलते ट्रेनें रेंगती हुई चल रही हैं।











