श्याम की हत्या का कारण बनी युवती का खुलासा:बोली- अड़ीबाजी करने आए थे तीनों युवक, चाकू भी उन्हीं ने निकाला

श्याम की हत्या का कारण बनी युवती का खुलासा:बोली- अड़ीबाजी करने आए थे तीनों युवक, चाकू भी उन्हीं ने निकाला

ये कहना है भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में गुरुवार (10 जुलाई) को हुए मर्डर के दौरान मौके पर मौजूद आरोपी की गर्लफ्रेंड का। हत्या करने वाले युवक फैजान के साथ ये चार साल से रिलेशनशिप में थी। दोनों अवधपुरी इलाके में एक ही मोहल्ले में रहते थे।

10 जुलाई को फैजान अपनी इसी गर्लफ्रेंड के साथ अंबेडकर पार्क में बैठा था। घटना के बाद पुलिस की पूछताछ में लड़की ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने अपनी मर्जी से फैजान के साथ पार्क आने की बात कही है।

युवती बोली- श्याम और साथियों ने बदसलूकी की युवती ने मृतक श्याम और उसके घायल साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि श्याम, अजय और राहुल पार्क में जहां हम बैठे थे वहीं पास में बैठकर ड्रिंक कर रहे थे। कुछ देर बाद तीनों कमेंट्स करते हुए पास आए। फैजान और मैंने इसका विरोध किया तो उन्होंने बदसलूकी की।

हम दोनों उनका विरोध करते रहे, तब एक आरोपी ने फैजान को लव जिहाद जैसे केस में फंसाने की धमकी भी दी। इसके बाद अड़ीबाजी की। डिमांड पूरी नहीं करने पर फैजान को पीटना शुरू कर दिया।

विवाद के दौरान युवती पर भी मारपीट का आरोप मृतक श्याम के साथी अजय और राहुल के बयान भी पुलिस ने दर्ज किए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि जब फैजान चाकू से हमला कर रहा था, तब युवती भी उसका साथ दे रही थी। लड़की ने भी चांटे मारे हैं। गोविंदपुरा पुलिस दोनों घायलों के बयानों की तस्दीक कर रही है।

डीसीपी बोले- युवती की भूमिका की जांच कर रहे डीसीपी संजय अग्रवाल ने बताया कि लड़की ने श्याम और दोनों साथियों पर अड़ीबाजी के आरोप लगाए हैं। विवाद यहीं से शुरू हुआ था। जबकि श्याम के साथियों ने लड़की पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। युवती की भूमिका की जांच कराई जा रही है।

हमले में इस्तेमाल चाकू जब्त, आरोपी जेल गया पुलिस ने उस चाकू को जब्त कर लिया है, जिसे फैजान ने श्याम की हत्या के लिए इस्तेमाल किया था। इसी के साथ शनिवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में दोनों पक्षों के बीच किसी तरह की पुरानी रंजिश होने की बात सामने नहीं आई है।

फैजान गर्लफ्रेंड के साथ था, श्याम साथियों के साथ आरोपी फैजान पिपलानी इलाके का रहने वाला है। वह आईटीआई में सेकेंड ईयर का छात्र है। वो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ अंबेडकर पार्क में बेंच पर बैठा हुआ था। इसी दौरान बरखेड़ा पठानी निवासी श्याम मोरे अपने दो दोस्तों के साथ वहां पहुंचा।

श्याम भेल में ठेका श्रमिक के रूप में काम करता था। तीनों युवक पास की ही एक बेंच पर बैठकर हंस-हंसकर बातें कर रहे थे। जब इन्हें एहसास हुआ की पास ही बैठी युवती के साथ वाला युवक मुस्लिम है तो वह लड़की को समझाइश देने पहुंचे। यहीं से पूरा विवाद शुरू हुआ।

बीच बचाव करने पर दो दोस्तों पर भी हमला फैजान ने श्याम को अपने पास बुलाया। श्याम पहुंचा तो आरोपी ने आपत्ति जताई। दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान श्याम और उसके साथियों ने फैजान को हिंदू लड़की को अपने साथ लेकर आने और लव जिहाद में फंसाने का आरोप लगाया। इससे फैजान गुस्से में आ गया।


Advertisement