भोपाल । कांग्रेस वाले पूछते हैं कि अच्छे दिन कहां आए, तो उन्हें बता दो कि जो गांधी परिवार न्यायालय में श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाता था, अब उसी परिवार के बेटा-बेटी मंदिर-मंदिर घूम रहे हैं, पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इससे बढ़िया संकेत क्या हो सकता है अच्छे दिन का। मैं जब पिछले चुनाव में आई थी, तब विश्वास सारंग के पिता अस्पताल में थे। तब उन्होंने न तो पिता को छोड़ा और न ही नरेला की जनता को छोड़ा है। यह बात केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को नरेला विधानसभा क्षेत्र में करोंद चौराहे पर भाजपा प्रत्याशी विश्वास सारंग के पक्ष में आमसभा को संबोधित करते हुए कही है। उनके साथ ही सभा में शामिल सांसद मनोज तिवारी ने भी आमसभा को संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
खेड़ापति हनुमान कारिडोर की दिल्ली, अमेठी तक चर्चा
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि 2008 से अब तक 15 वर्षों के अंतराल में चौक भी वही है, उम्मीदवार भी वही, कमल का निशान भी वही, अब नरेला परिवार जगमगाने लगा है। मैंने विश्वास भैया से कहा कि मुझे आने की क्या आवश्यकता है तो उन्होंने कहा कि जब भाई युद्ध की भूमि में उतरता है तो माथे पर विजयश्री का तिलक घर की बहन ही लगाती है इसलिए आपको आना पड़ेगा। जब बहन आती है तो कुछ लेकर ही जाती है, दिल्ली और अमेठी तक चर्चा है खेड़ापति हनुमानजी का कारिडोर बन रहा है। विश्वास सारंग ने साबित कर दिया, हम सपने ही नहीं देखते, उन्हें पूरा करने की ताकत भी रखते हैं।
कांग्रेस को भ्रष्टाचार पसंद, चरित्र कालनेमि जैसा : मनोज तिवारी
उधर, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दुश्मनों की भारी फौज नरेला को 15 साल पीछे ले जाने के लिए बैठी है। कई ऐसे लोग हैं जिन्हें विकास नहीं, भ्रष्टाचार करना अच्छा लगता है। पहले वाले लोग (कांग्रेस) पैसे को दिल्ली भेज देते थे और अपनी जेब में रख लेते थे, लेकिन जब से भाजपा की सरकार आई तब से विकास हुआ। कांग्रेस का चरित्र रावण की सेना के दैत्य कालनेमि की तरह है। जैसे ही चुनाव आता है कांग्रेस त्रिपुंड लगाकर घूमने लगती है। सभा के दौरान उन्होंने राम मंदिर निर्माण पर गीत मंदिर अब बनने लगा है भी गाया।











