इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ आने वाले समय में औद्योगिक एवं सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करेगा।उन्होंने कहा कि गजमार पहाड़ पर स्थापित होने वाली यह भव्य कांस्य बजरंगबली प्रतिमा शहरवासियों की श्रद्धा, विश्वास और जनभागीदारी का प्रतीक बनेगी। लगभग 10 टन वजनी इस प्रतिमा का निर्माण जनसहयोग से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पहाड़ मंदिर लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। प्रतिमा स्थापना के बाद यह स्थल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार, पर्यटन गतिविधियों और छोटे व्यापारों को नई गति मिलेगी।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से बनने वाली यह प्रतिमा समाज की सामूहिक शक्ति और आस्था का प्रतीक होगी।
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।











