भोपाल। जिला प्रशासन ने बुधवार को बाघ भ्रमण क्षेत्र चंदनपुरा में 13 शटर के पास 10.80 हेक्टेयर सरकारी जमीन अतिक्रमणकारियों के कब्जे से मुक्त कराई। इस जमीन का व्यावसायिक मूल्य 129.66 करोड़ और आवसीय मूल्य 81.03 करोड़ रुपए से ज्यादा है।
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम पुलिस बल की मौजूदगी में बुधवार को चंदनपुरा गांव में कलियासोत डेम के 13 शटर के पास खसरा क्रमांक 76/1 को अतिक्रमण से मुक्त कराने पहुंची। इस जमीन पर जफर नामक किसान ने कब्जा कर रखा था। यह राजस्व की जमीन में दर्ज है। बताया जा रहा है। इससे पहले यह जमीन जफर के नाम थी, लेकिन सीलिंग के बाद यह जमीन राजस्व के खाते में दर्ज हो गई थी। जफर द्वारा उस पर लंबे समय से खेती की जा रही थी। साथ ही उस पर गाय और मवेशी भी पाले जा रहे थे। अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन द्वारा उसे लगातार नोटिस भी दिए जा रहे थे। जब उसने स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन ने उसे बुधवार को तोड़ दिया।
बाघिन टी-123 चार शावकों के साथ सक्रिय
मालूम हो कि चंदनपुरा बाघ भ्रमण इलाका है। यहां पर बाघिन टी-123 का अपने चार शावकों के साथ मूवमेंट बना हुआ है। वह उन्हें शिकार के दावपेंच सिखा रही है। ये बाघिन और उसके चारों शावक यहां पानी पीने भी आते हैं। इस क्षेत्र में कई रसूखदारों ने नियमों का उल्लंघन कर रिसोर्ट, होटल और मेरिज हाल में बना रखे हैं।
एनजीटी के निर्देश पर कार्रवाई
एनजीटी ने कलियसोत डेम के 33 मीटर के दायरे से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी लगातार जारी है। प्रशासन ने इन अतिक्रमण का सर्वे भी कराया था। इसमें डेम के 33 मीटर के दायरे में 96 अतिक्रमण की पहचान की गई थी। इनमें से 84 सरकारी और निजी जमीन पर अतिक्रमण पाए गए थे। डेम के आसपास सबसे ज्यादा 58 झुग्गियां, 15 अस्थाई डेयरी, 7 मंदिर, 5 रेस्टोरेंट, 4 शेड, एक-एक समाधि, गेमजोन स्कूल, मछली फॉर्म और मकान भी शामिल है।
इनका कहना है
प्रशासन ने चंदनपुरा के 13 शटर के पास अतिक्रमणकारियों के कब्जे से 10.805 हेक्टेयर सरकारी जमीन मुक्त कराई गई है। इस जमीन का कमर्शियल रेट 129.66 करोड़ और रेसिडेंसियल रेट 81.03 करोड़ रुपए है।
- अंशुल खरे, एसडीएम, टीटी नगर











