दिल्ली में आशियाने का सपना होगा पूरा, आ रही है डीडीए की हाउसिंग स्कीम

दिल्ली में आशियाने का सपना होगा पूरा, आ रही है डीडीए की हाउसिंग स्कीम
नई दिल्ली: दशहरा बीत चुका है। दिवाली आने वाली है। बाजार में दिवाली का उत्साह देखते ही बन रहा है। इस बीच लोगों ने दिवाली की खरीदारी शुरू कर दी है। इस दौरान लोग कार से लेकर मकान तक की बड़ी खरीदारी करते हैं। यदि आप भी मकान खरीदने का सोच रहे हैं तो कुछ दिन ठहर जाइए। दीपावली से ठीक पहले डीडीए अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना (DDA Housing Scheme 2023) लॉन्च करने जा रहा है।

डीडीए हाउसिंग स्कीम में कितने फ्लैट


ऐसी रिपोर्ट आई है कि डीडीए की दिवाली से पहले आने वाली हाउसिंग स्कीम में 32, 500 फ्लैट होंगे। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने ही वाली है। डीडीए की इस योजना में ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी, एचआईजी और सुपर एचआईजी के फ्लैट के साथ-साथ पेंट हाउस भी शामिल हो सकते हैं। जानकार सूत्र बताते हैं कि इस स्कीम को किसी भी समय लॉन्च किया जा सकता है। इस स्कीम के ज्यादातर फ्लैट्स नरेला, द्वारका सेक्टर 19बी, द्वारका सेक्टर- 14 और लोकनायक पुरम में होंगे।

थोड़े महंगे होंगे फ्लैट

डीडीए की इस हाउसिंग स्कीम में 2BHK, 3BHK और 4BHK के फ्लैट्स एनसीआर के अन्य जगहों की तुलना में थोड़े महंगे हो सकते हैं। इस बार DDA की आवासीय योजना में अलग-अलग बजट के फ्लैट हैं। यह भी उल्लेखनीय है कि डीडीए पहली बार प्रीमियम क्लास के फ्लैट के साथ ही HIG, Super HIG, MIG, LIG और EWS फ्लैट्स भी शामिल कर रहा है। डीडीए ने फ्लैट की संख्या और रेट्स जारी कर दिया है। अगर इन फ्लैट्स के दाम की बात करें तो ईडब्ल्यूएस फ्लैट 11 से 14 लाख रुपये में मिलेंगे। एलआईजी फ्लैट्स 14 से 30 लाख रुपये, एमआईजी फ्लैट एक करोड़ रुपये से शुरु होंगे, एचआईजी 2.50 करोड़ रुपये से शुरुआत और सुपर एचआईजी फ्लैट की कीमत 3 करोड़ रुपये से शुरू होंगे।

कुछ बन गए तो कुछ पर काम चल रहा है


डीडीए के हवाले से खबर आई है कि इन फ्लैट्स में से 24,000 फ्लैट्स तैयार हो चुके हैं, जबकि 8500 फ्लैट्स का निर्माण कार्य चल रहा है। इन सारे फ्लैट्स का निर्माण कार्य अगले छह महीने के अंदर पूरा करने की तैयारी है। डीडीए आवासीय स्कीम के बारे में आप अधिक जानकारी के लिए डीडीए कॉल सेंटर के नंबर 1800-110-332 पर जानकारी ले सकते हैं। बताया जाता है कि यह योजना पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी। आप डीडीए की वेबसाइट https://dda.gov.in/ पर भी लॉन्चिंग के बाद फ्लैट की बुकिंग कर सकते हैं।
Advertisement