दो वर्ष से पेट दर्द से परेशान महिला की खराब हो चुकी किडनी निकाली, बीएमएचआरसी में हुआ जटिल आपरेशन

दो वर्ष से पेट दर्द से परेशान महिला की खराब हो चुकी किडनी निकाली, बीएमएचआरसी में हुआ जटिल आपरेशन
भोपाल। करोंद इलाके में स्थित भोपाल मेमोरियल हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में यूरोलाजी विभाग में डाक्टरों की एक टीम ने एक गैस पीड़ित महिला की की-होल तकनीक के माध्यम से जटिल सर्जरी कर उसकी खराब हो चुकी किडनी को निकाल दिया। किडनी में मौजूद पथरी की वजह से यह किडनी खराब हुई थी। डा. अभिषेक चौबे ने बताया कि 44 वर्षीय इस महिला को बीते दो वर्ष से पेट दर्द की शिकायत थी। विभिन्न जांच करने पर पता चला कि किडनी में स्टोन है, जिसकी वजह से किडनी सिकुड़ गई है। डीटीपीए स्कैन से यह बात सामने आई कि इस किडनी ने काम करना बंद कर दिया है और किडनी को निकालना ही एकमात्र विकल्प है। इसके लिए लेप्रोस्कोपिक जांच से मरीज का आपरेशन किया और खराब किडनी को निकाल दिया। मरीज की तबियत में सुधार है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी है।

15 दिन से यूरिन आना बंद, आपरेशन कर बचाई जान

बीएमचआरसी के यूरोलाजी विभाग में सहायक प्रोफेसर डा. अभिषेक चौबे ने बताया कि 55 वर्षीय गैस पीड़ित मरीज बीते दो सालों से रुक-रुक कर और बार-बार पेशाब आने की शिकायत से परेशान था। करीब 15 दिन पहले उनको यूरिन आना अचानक बंद हो गया। इसकी वजह से प्रोस्टेट ग्रंथी का आकार काफी बढ़ गया था। इसका वजन 122 ग्राम था, जबकि सामान्य तौर पर प्रोस्टेट ग्रंथि का वजन 40-50 ग्राम होता है। मरीज के पेट के नीचे का हिस्सा ही सुन्न किया गया। सिर्फ एक घंटे से भी कम समय में आपरेशन पूरा कर लिया गया।

Advertisement