कांग्रेस अब ग्राम पंचायतों के वार्ड स्तर पर भी बनाएगी समिति, चुनाव की तैयारी के लिए बनाया जा रहा संगठन

कांग्रेस अब ग्राम पंचायतों के वार्ड स्तर पर भी बनाएगी समिति, चुनाव की तैयारी के लिए बनाया जा रहा संगठन

भोपाल। संगठन सृजन अभियान से उत्साहित कांग्रेस अब ग्राम पंचायत में वार्ड स्तर पर संगठन खड़ा करने जा रही है। वार्डों में समितियां बनेंगी, जिनमें पांच से 10 लोग होंगे। इसमें लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी युवाओं की रहेगी।

इसी तरह से शहरों में वार्ड स्तर पर समिति बनाने के बाद मोहल्ला स्तर पर समिति बनेगी। इसके आगे प्रत्येक मोहल्ले में 30 घरों के बीच एक समन्वयक बनाने की योजना है। यह पूरी तैयारी वर्ष 2027 में स्थानीय निकाय, 2028 में विधानसभा और वर्ष 2029 में लोकसभा चुनावों की दृष्टि से की जा रही है।

समितियों में अध्यक्ष से लेकर सदस्य तक की नियुक्ति को विदिशा माडल की तरह सत्यापित किया जाएगा। समितियों के गठन में फर्जीवाड़ा न हो, इसके लिए सभी के फोन नंबर और फोटो लिए जाएंगे। इनके इंटरनेट मीडिया समूह बनेंगे।

बता दें कि अप्रैल 2024 में प्रारंभ हुए संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत पार्टी जिला, ब्लाक, मंडलम स्तर पर संगठन खड़ा कर चुकी है। हर स्तर पर संगठन में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआइ, एससी, एसटी और ओबीसी के कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है। ऐसी ही व्यवस्था पंचायत और वार्ड समितियों में की जा रही है। इन समितियों के माध्यम कांग्रेस 15 लाख लोगों का संगठन तैयार करने की बात कह रही है।

यह है विदिशा मॉडल

विदिशा जिले में कांग्रेस का संगठन कमजोर था, इसलिए यहां पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में वार्ड और पंचायत समितियों का गठन पिछले वर्ष किया गया। इसके बाद समितियों का सत्यापन भी किया गया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इसके लिए विशेष रूप से बनाए गए काल सेंटर के माध्यम से समिति के अध्यक्ष और सदस्यों का सत्यापन किया गया। सभी सदस्यों के नाम, फोन नंबर सहित पूरा डाटा आनलाइन दर्ज किया गया है।


Advertisement