स्लिप के हाथ में जा रही थी गेंद, बीच में आ गए ध्रुव जुरेल... हवा में उड़ते हुए लपक लिया कैच
Updated on
05 Sep 2024, 02:53 PM
बेंगलुरु: दलीप ट्रॉफी 2024 की शुरुआत हो गई है। टूर्नामेंट का पहला मैच इंडिया ए और इंडिया बी के बीच खेला जा रहा है। ए टीम की कप्तानी शुभमन गिल कर रहे हैं तो बी की कमान अभिमन्यु ईश्वरन के हाथों में है। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कप्तान ईश्वरन और यशस्वी जायसवाल ने सधी हुई शुरुआत की।
ध्रुव जुरेन ने लपका तूफानी कैच
यशस्वी जायसवाल और अभिमन्यु ईश्वरन इंडिया ए के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दे रहे थे। बीच बीच में यशस्वी ने हाथ भी खोले। लेकिन बाहर की गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में कप्तान ईश्वरन आउट हो गए। आवेश खान ने गेंद ऑफ स्टंप के काफी बाहर डाली। ईश्वरन ने उसे ड्राइव की लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर स्लिप की तरफ गई।
पहली स्लिप कोई पर कोई फील्डर नहीं था। दूसरी पर केएल राहुल खड़े थे। गेंद सीधे उनकी हाथों में जा रही। इस बीच विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने छलांग लगा दी। उन्होंने हवा में उड़ते हुए केएल राहुल की आंखों के सामने दोनों हाथों से गेंद को लपक लिया। ईश्वर के बल्ले से 42 गेंदों पर 12 रनों की पारी निकली।
लंच तक गिरे टीम के दो विकेट
अभिमन्यु ईश्वरन के बाद भारतीय टीम के लिए टेस्ट में सलामी बल्लेबाजी करने वाले यशस्वी जायसवाल भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने 59 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। वो भी बाहर की गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश में पॉइंट की हाथों में मार बैठे। उनके विकेट के बाद रनों का फ्लो पूरी तरह रुक गया। लंच तक इंडिया बी का स्कोर 2 विकेट पर 65 रन है। मुशीर खान के साथ उनके भाई सरफराज खान क्रीज पर हैं। 6 रन बनाने के लिए मुशीर ने 52 गेंदों का सामना किया है। सरफराज ने 28 गेंदों पर 9 रन बनाए हैं। दोनों को गेंदबाजों ने काफी परेशान किया है।