कोहेफिजा इलाके में कपड़ा कारोबारी ने फांसी लगाई, युवक भी फंदे पर झूला

कोहेफिजा इलाके में कपड़ा कारोबारी ने फांसी लगाई, युवक भी फंदे पर झूला
भोपाल । कोहेफिजा की पाश बीडीए कालोनी में रहने वाले एक कपड़ा कारोबारी ने गुरुवार सुबह फांसी लगा ली। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसलिए फिलहाल खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती पूछताछ में स्वजन ने पुलिस को बताया कि व्यवसाय में मंदी आने के कारण वह अवसाद में चल रहे थे। उधर, इसी इलाके में एक युवक ने भी खुद को फंदे से लटकाते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उसकी तीन माह पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक 54 वर्षीय नौमान पुत्र हनीफ दाद बीडीए कालोनी में परिवार के साथ रहते थे। उनकी कपड़ों की दुकान थी। सुबह आठ बजे नाश्ता करने के बाद वह अपने कमरे में चले गए थे। नौ बजे स्वजन ने उन्हें फांसी पर लटके देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

शादी के तीन माह बाद युवक ने कर ली खुदकुशी

कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक कोहेफिजा निवासी 25 वर्षीय आसिम पुत्र हमीद खान एक बेकरी में काम करता था। मई में ही उसकी शादी हुई थी। वर्तमान में पत्नी मायके गई थी। गुरुवार सुबह स्वजन ने उसे कमरे में फांसी पर लटका देखा। पुलिस को तलाशी में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने जांच के लिए उसका मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस परिजनों के बयान ले रही है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement