पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय युवक और लड़की उत्तर प्रदेश के बदायूं के रहने वाले हैं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की कथित तौर पर घर से भागकर सेलाकुई इलाके में काम करने वाले व्यक्ति से मिलने आई थी। अधिकारी ने बताया कि देहरादून पहुंचने पर लड़की ने उस व्यक्ति को फोन किया और वह रात में रेलवे स्टेशन पर उससे मिलने पहुंच गया। उन्होंने बताया कि रेलवे पुलिस के कर्मचारियों ने उन्हें देर रात घूमते हुए देखा और पूछताछ की।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लड़की के माता-पिता से संपर्क किया तो पता चला कि उन्होंने बदायूं के एक थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि जैसे ही दोनों के रेलवे स्टेशन पर घूमने की खबर क्षेत्र में फैली, दोनों समुदायों के लोग स्टेशन के बाहर एकत्र हो गए और उनके बीच तीखी नोकझोंक हुई। उन्होंने बताया कि स्थिति जल्द ही बिगड़ गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके।











