भोपाल के करोंद और बिट्टन मार्केट स्थित मंडियों में मंगलवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान उन्होंने देखा कि कहीं फलों को कृत्रिम तरीके से तो नहीं पकाया जा रहा है? इस मामले में दुकानदारों को सख्त हिदायत भी दी गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि आम समेत अन्य फसलों को कृत्रिम रूप से पकाया जाता है। पकने की प्रक्रिया में तेजी लाने और बढ़ती उपभोक्ता मांग को पूरा करने के प्रयास में कुछ खाद्य व्यवसाय संचालक कृत्रिम रूप से पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड/एसिटिलीन गैस आदि जैसे अनधिकृत या निषिद्ध रासायनिक एजेंटों का उपयोग करते हैं, जो एक अवैध और असुरक्षित प्रक्रिया है। कैल्शियम कार्बाइड, जिसे आमतौर पर 'मसाला' कहा जाता है, का उपयोग अभी भी कुछ व्यापारी आम, केले और पपीते जैसे फलों को पकाने के लिए कर रहे हैं।
एक दर्जन दुकानों की जांच इसे रोकने के लिए टीमें मंगलवार को बाजारों में निकले। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बिट्टन मार्केट मंडी, कृषि उपज मंडी करोंद में लगभग एक दर्जन दुकानों के निरीक्षण कर जांच की।











