भोपाल । मप्र में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की चुनावी ड्यूटी विद्यार्थियों के लिए बड़ी समस्या बन रही है। चुनाव प्रशिक्षण में शिक्षकों को भेजे जाने से स्कूलों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई स्कूलों में मध्याह्न भोजन के बाद बच्चों को छुट्टी दी जा रही है तो कुछ में बच्चों को स्कूल आने से ही मना किया जा रहा है। वहीं सरकारी स्कूलों में चौथी से आठवीं तक की कक्षाओं की छमाही परीक्षा छह नवंबर से शुरू होने वाली है। नौवीं से 12वीं तक की परीक्षाएं दिसंबर में होंगी। इसके अलावा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू होगी। ऐसे में कुछ स्कूलों का करीब 40 प्रतिशत तो कुछ का 30 प्रतिशत तक ही पाठ्यक्रम पूरा हो पाया है। बताया जा रहा है कि स्कूलों के प्राचार्य अब अतिरिक्त कक्षाएं लगवाकर पाठ्यक्रम को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
प्राचार्य का कहना, अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रहीं
प्राचार्यों का कहना है कि प्रत्येक स्कूल से 20-30 शिक्षक चुनाव के प्रशिक्षण में शामिल हो रहे हैं। ऐसे में सभी कक्षाओं का पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं भी लगाई जा रही हैं। सीएम राइज स्कूल निशातपुरा के प्राचार्य आरसी जैन ने बताया कि दशहरा और दीपावली की छुट्टियों में भी बोर्ड के विद्यार्थियों की अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी।
शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी या प्रशिक्षण में लगाया जाना अनिवार्य है, लेकिन इससे स्कूलों की पढ़ाई पर असर नहीं होना चाहिए। सभी स्कूलों को निर्देशित किया गया है कि अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित कर पाठ्यक्रम को पूरा किया जाए।
- अंजनी कुमार त्रिपाठी, जिला शिक्षा अधिकारी, भोपाल











