डीआरएचपी के मुताबिक टाटा टेक्नोलॉजीज का इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल होगा और इसमें एक भी नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा। इसके तहत प्रमोटर टाटा मोटर्स के अलावा दो अन्य मौजूदा शेयरहोल्डर्स शेयरों की बिक्री करेंगे। पिछले साल दिसंबर में टाटा मोटर्स के बोर्ड ने टाटा टेक में आईपीओ के जरिए कुछ हिस्सेदारी बेचने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई थी। कंपनी में टाटा मोटर्स की 74.69 फीसदी हिस्सेदारी है। आईपीओ से पहले टाटा मोटर्स कंपनी में 9.9 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी। इसमें से नौ परसेंट हिस्सेदारी TPG Rise Climate खरीदेगी।
किसकी कितनी हिस्सेदारी
इस आईपीओ के जरिए 95,708,984 इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी जो कंपनी की कुल पेड-अप शेयर कैपिटल का 23.60 फीसदी है। पुणे की इस कंपनी में टाटा मोटर्स की 74.69 फीसदी हिस्सेदारी है। इसी तरह 8.96 फीसदी हिस्सेदारी अल्फा टीसी और 4.48 फीसदी हिस्सेदारी टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड की है। टाटा मोटर्स इस इश्यू के जरिए 81,133,706 इक्विटी शेयरों की बिक्री करेगी। अल्फा टीसी होल्डिंग्स 9,716,853 इक्विटी शेयरों और टाटा कैपिटल 4,858,425 शेयरों की बिक्री करेगी। इस इश्यू में 10 परसेंट कोटा टाटा मोटर्स के पात्र शेयरहोल्डर्स के लिए रखे गए हैं।यह टाटा संस के मौजूदा चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के कार्यकाल में यह टाटा ग्रुप का पहला आईपीओ होगा। टाटा टेक्नोलॉजीज डिजिटल, इंजीनियरिंग और तकनीकी सर्विस सेक्टर में दुनिया की अग्रणी कंपनियों में शामिल है। इसके 18 ग्लोबल डिलीवरी सेंटर हैं जिनमें 11,000 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। दिसंबर 2022 तक नौ महीने की अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 15 परसेंट बढ़कर 3052 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी के कुल रेवेन्यू में सर्विस सेगमेंट का योगदान 88 परसेंट है। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 407 करोड़ रुपये रहा।











