गोल्ड निकालकर दो... BSF ने पकड़ा स्मगलर तो कस्टम ने हिरासत में न लेने की दी अजीबोगरीब वजह

गोल्ड निकालकर दो... BSF ने पकड़ा स्मगलर तो कस्टम ने हिरासत में न लेने की दी अजीबोगरीब वजह
नई दिल्ली : भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर तैनात बीएसएफ जवान उस वक्त सकते में आ गए, जब उन्होंने मुखबिरों से मिली सूचना पर बांग्लादेश से चोरी-छिपे पश्चिम बंगाल में दाखिल हुए एक गोल्ड स्मगलर को पकड़ा। स्मगलर के पास गोल्ड होने की सूचना सटीक थी, लेकिन तलाशी में उसके पास से कुछ नहीं मिला।

अस्पताल में उसका एक्स-रे कराया गया, जिसमें गोल्ड बिस्किट की पुष्टि हुई। आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि बॉर्डर के पास बीएसएफ जवानों को देखते ही वह घबरा गया और उसने गोल्ड बिस्किट को निगल लिया। कस्टम अधिकारी अब आरोपी को कस्टडी में लेने में ही आनाकानी कर रहे हैं। उनका कहना है कि बीएसएफ जब आरोपी के पेट से सोना निकालकर देगी, तभी उसे कस्टडी में लेंगे।

निगल लिए थे सोने के दो बिस्किट


सूत्रों ने बताया कि मामला पिछले हफ्ते का है। बीएसएफ अधिकारियों को सूचना मिली कि एक तस्कर बांग्लादेश की ओर से गोल्ड ला रहा है। मुखबिर ने उसका नाम और हुलिया भी बता दिया। बीएसएफ जवानों ने बॉर्डर क्रॉस करते समय उसे पकड़ लिया। तलाशी में सोना नहीं मिला, लेकिन एक्स-रे में दो बिस्किट दिखे। बाद में आरोपी ने भी इसकी जानकारी दी और बताया कि वह 100-100 ग्राम के सोने के दो बिस्किट निगल गया है।

तीन महीने पहले भी पकड़ा गया था आरोपी


बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक आरोपी को करीब तीन महीने पहले भी गोल्ड स्मगलिंग के आरोप में पकड़ा गया था और कस्टम के हवाले किया गया था। इसकी जानकारी नहीं कि वह कैसे छूटा। सूत्रों ने बताया कि मामले की जानकारी कस्टम अधिकारियों को दी गई, लेकिन उन्होंने आरोपी को लेने से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि वह तभी आरोपी को हिरासत में लेंगे, जब बीएसएफ सोना उनके हवाले करेगी। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि स्मगलर को पकड़ने का काम कस्टम का है। कस्टम को एक्स-रे रिपोर्ट के साथ आरोपी को सौंपा जा रहा है, लेकिन वे फिलहाल उसकी हिरासत लेने से इंकार कर रहे हैं।
Advertisement