आज और कल फ्री मिलेगी सर्विस
भाविश अग्रवाल ने बेंगलुरु के लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी अपनी पार्सल सर्विस को आज और कल बिल्कुल फ्री रख रही है। यह फ्री सर्विस शनिवार दोपहर से शुरू हो गई है। अग्रवाल ने शनिवार सुबह एक्स पर लिखा, 'कई सारे लोग हमारी नई सर्विस ओला पार्सल को लेकर मैसेज कर रहे हैं। हम इसे आज और कल फ्री रख रहे हैं। यह फ्री सर्विस आज दोपहर से शुरू हो रही है। इसे ट्राई करें।'
क्या हैं रेट्स
ओला पार्सल सर्विस के रेट्स की बात करें, तो ये 5 किलोमीटर के लिए 25 रुपये, 10 किलोमीटर के लिए 50 रुपये, 15 किलोमीटर के लिए 75 रुपये और 20 किलोमीटर के लिए 100 रुपये हैं। कंपनी ने कहा है कि आने वाले दिनों में इस सर्विस को देश के अलग-अलग शहरों में शुरू किया जाएगा। इस समय पोर्टर, स्विगी जिनी, उबर और डंजो जैसी कंपनियां इंट्रा-सिटी पार्सल डिलीवरी सर्विस दे रही हैं।
तेजी से अपने बिजनस का विस्तार कर रही कंपनी
ओला तेजी से अपने बिजनस सेगमेंट का विस्तार कर रही है। कंपनी ने सितंबर में ओएनडीसी नेटवर्क जॉइन किया था। जिससे कंपनी फूड डिलीवरी सर्विस में उतर सके। हाल ही में कंपनी ने बेंगलुरु में ओला बाइक की भी शुरूआत की है। बता दें कि पिछले साल उबर पार्सल डिलीवरी सर्विस में उतर चुकी है। इसका नाम उबर कनेक्ट है। इस सर्विस की शुरुआत कोलकाता, गुवाहटी, जयपुर और गुड़गांव में की गई थी।











