किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर स्वरांजलि कार्यक्रम, भोपाल हाट में देखें सरस मेला

किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर स्वरांजलि कार्यक्रम, भोपाल हाट में देखें सरस मेला

भोपाल। शहर में सामाजिक, सांस्‍कृतिक, कलात्‍मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। शुक्रवार 13 अक्टूबर को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

पिंडदान, तर्पण व श्रीमद्भागवत कथा - श्री विश्राम घाट कमेटी ट्रस्ट, भोपाल द्वारा संरक्षित संस्कार सेवा समिति के तत्वावधान में 14 अक्टूबर तक निश्शुल्क एवं विधि विधान से पिंड दान, तर्पण कराया जा रहा है। यह कार्यक्रम सुभाष नगर विश्राम घाट के गेट क्रमांक-चार के पास स्थित यज्ञशाला में रोजाना सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक होता है। इसके अलावा श्राद्ध पक्ष के इन दिनों में यहां श्रीमद्भागवत का भी आयोजन रोज दोपहर 03 बजे से शाम छह बजे तक होगा।

चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड समुदाय के चित्रकार सचिन तेकाम के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 42वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी अक्टूबर माह के अंत तक रहेगी। इसे दोपहर 12 बजे से शाम आठ बजे तक देखा जा सकता है।

जरी जरदोजी पोशाक प्रदर्शनी - मृगनयनी कबीरा, खादी एम्पोरियम जवाहर चौक में जरी जरदोजी पोशाक प्रदर्शनी का आयोजन मप्र हस्तशिल्प और हाथकरघा निगम की ओर से किया जा रहा है। समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से राज आठ बजे तक है।

सरस मेला - रीजनल सरस मेला का आयोजन भोपाल हाट परिसर में किया जा रहा है। इस मेले में देश के विभिन्न प्रांतों से आए स्वसहायता समूह अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु उपस्थित हैं। प्रतिदिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम को होते हैं। समय दोपहर एक बजे से रात 9.30 बजे तक है।

किताब उत्सव - हिंदी भवन में राजकमल किताब उत्सव कार्यक्रम दोपहर साढ़े तीन बजे से होगा। यहां भविष्य की पाठक पीढ़ी पर परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कई वक्ता शामिल होंगे।

स्वरांजलि व संगोष्ठी कार्यक्रम - आशिमा माल के पास किशोर कुमार संगीत अकादमी में किशोर कुमार की 37वीं पुण्यतिथि पर संगोष्ठी व स्वरांजलि कार्यक्रम का आयोजन शाम छह से रात आठ बजे तक किया जाएगा। मुख्य वक्ता डा. आर कुमार शामिल होंगे।
Advertisement