मारुति सुजुकी ने भारत में जिम्नी का 'थंडर एडिशन' लॉन्च किया है। 4x4 SUV का स्पेशल एडिशन रेगुलर मॉडल की तुलना में 2 लाख रुपए सस्ता है। इसकी शुरुआती कीमत 10.74 लाख रुपए है, जो टॉप वैरिएंट में 14.05 लाख रुपए तक जाती है।
वहीं रेगुलर वैरिएंट 12.74 लाख रुपए से लेकर 15.05 लाख रुपए तक आता है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं। मारुति सुजुकी जिम्नी की मेन राइवल महिंद्रा थार SUV है। इसके अलावा, इसे फोर व्हील ड्राइव (4WD) सेगमेंट में फोर्स गुरखा से भी कॉम्पिटिशन मिलेगा।
कई मीडिया रिपोर्ट में जिम्नी का माइलेज 16-19 किलोमीटर प्रति लीटर होने का दावा किया जा रहा है। कंपनी की तरफ से इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
टू-व्हील ड्राइव के साथ नहीं आएगी जिम्नी
कंपनी ने कार को पहली बार ऑटो एक्सपो-2023 में शोकेस किया था। इसके बाद इस साल जून में लॉन्च किया था। मारुति सुजुकी ने जिम्नी SUV के सस्ते टू-व्हील-ड्राइव (2WD) ऑप्शन की संभावनाओं से इनकार कर दिया है।
मारुति सुजुकी इंडिया के सीनियर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, सेल्स एंड मार्केटिंग शशांक श्रीवास्तव ने कहा है, 'ग्लोबल मार्केट में जिम्नी की इमेज एक ऑफ-रोडर की है और अगर हम टू-व्हील ड्राइव वैरिएंट पेश करते हैं तो यह ब्रांड को कमजोर कर देगा। इसलिए 2WD जिम्नी विचार में नहीं है और हम 4WD संस्करण बेचना जारी रखेंगे।
जिम्नी लिमिटेड एडिशन में स्पेशल क्या
मारुति जिम्नी थंडर एडिशन इस ऑफरोडर के लिए एक एसेसरी किट है। मारुति ने इसमें फ्रंट बम्पर गार्निश, डेकल्स, एक इंटीरियर स्टाइलिंग किट, फ्लोर मैट (मैनुअल वैरिएंट के लिए अलग और ऑटोमैटिक वैरिएंट के लिए अलग) और एक टैन-फिनिश स्टीयरिंग व्हील जैसे एसेसरी आइटम दिए हैं। इसके अलावा जिम्नी थंडर एडिशन में डोर वाइजर, फ्रंट और रियर फेंडर गार्निश और बॉडी क्लैडिंग जैसी एसेसरीज भी दी गई है।
जिम्नी लिमिटेड एडिशन : परफॉर्मेंस
SUV में 1.5-लीटर का 4 सिलेंडर K-सीरीज नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 6,000 RPM पर 104 bhp का पावर और 4,000 RPM पर 134 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है।
इंजन को 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और 4-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ ट्यून किया गया है। बेहतर ऑफ रोडिंग परफॉर्मेंस के लिए SUV में ऑल ग्रिप Pro 4X4 सिस्टम का ऑप्शन भी मिलता है।











