वर्ल्ड कप 2026 खत्म होते ही कटेगा सूर्यकुमार यादव का पत्ता, जानें कौन होगा भारत का नया वनडे कप्तान
नई दिल्ली: BCCI की चयन समिति आज यानी शनिवार, 20 दिसंबर 2025 को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का चुनाव करने वाली है। इस अहम बैठक से पहले एक बड़ी रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि यह टूर्नामेंट बतौर कप्तान सूर्यकुमार यादव का आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। 35 वर्षीय सूर्यकुमार पिछले लगभग 14 महीनों और 24 मैचों से फॉर्म से बाहर चल रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वह वर्तमान में अपनी कप्तानी की वजह से ही टीम में जगह बनाए हुए हैं। यदि यह विश्व कप छह महीने बाद होता, तो शायद चयनकर्ता नेतृत्व के लिए अन्य विकल्पों पर विचार कर सकते थे, लेकिन टूर्नामेंट के करीब होने के कारण फिलहाल कोई चौंकाने वाला बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
ऐसी हो सकती है संभावित 15 सदस्यीय स्क्वाड
रिपोर्ट के आधार पर भारतीय टीम का संभावित 15 सदस्यीय स्क्वाड काफी संतुलित नजर आ रहा है। इसमें सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जीतेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर) और वाशिंगटन सुंदर के शामिल होने की उम्मीद है। वाशिंगटन सुंदर टीम की एकमात्र कमजोर कड़ी माने जा रहे हैं क्योंकि उन्होंने 57 टी20 मैचों में कोई खास आक्रामक प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन एक बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर उन्हें मौका मिल सकता है।











