भोपाल। नए साल के जश्न को लेकर रविवार रात शहर में 100 से ज्यादा स्थानों पर होटल, क्लब, रेस्टोरेंट में पार्टी का आयोजन किया गया। सड़कों पर वाहनों का दबाव आम दिनों के मुकाबले अधिक देखा गया। ट्रैफिक पुलिस एवं शहर के 38 थाना क्षेत्र में सुरक्षा के तौर पर 100 से ज्यादा चेकिंग पॉइंट बनाकर व्यवस्था बनाने की कोशिश की गई। रात नौ बजे के बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर कहीं-कहीं ट्रैफिक जाम के नजारे देखने में आने लगे। रात 12 बजते ही पुलिस ने होटल क्लब रेस्टोरेंट में चल रही पार्टियों को बंद करवाना शुरू कर दिया था। इस दौरान एमपी नगर के पब एवं बार के बाहर हुड़दंग करने वाले युवक- युवतियों को समझाइश देकर पुलिस ने रवाना किया। चेकिंग पाइंट पर पुलिस ने ब्रीथ इन्हेलाइजर से नशे की हालत में गाड़ी चलाने वालों की जांच की। इस दौरान 25 से ज्यादा प्रकरण बनाए गए। पुलिस स्पीड रडार गन लेकर भी मौजूद रही। 500 पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त बल रहा तैनात
100 से अधिक स्थानों पर चेकिंग
रविवार शाम छह बजे से शहर में 100 से ज्यादा स्थानों पर पाइंट्स लगाकर वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी गई थी, जो देर रात तक जारी रही। रात दस बजे के बाद तेज आवाज में डीजे नहीं बजाने दिए गए।











