राम-मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के चलते आज बंद है शेयर बाजार

राम-मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के चलते आज बंद है शेयर बाजार

भारतीय शेयर बाजार आज यानी सोमवार (22 जनवरी) को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर बंद है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कोई कारोबार नहीं होगा। अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के चलते महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में 22 जनवरी को अवकाश घोषित किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वजह से ही स्टॉक मार्केट में यह छुट्‌टी घोषित की गई है।

इस छुट्‌टी की वजह से शनिवार को खुला था बाजार
हालांकि, इसकी जगह शेयर बाजार को शनिवार (20 जनवरी) को खोलने का आदेश जारी हुआ था। शनिवार को पूरे दिन -सुबह 9:00 से दोपहर 3:30 बजे तक बाजार में कारोबार हुआ था, जबकि इस दिन बाजार की छुट्‌टी रहती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भी 22 जनवरी को देशभर में अपने सभी ऑफिसों में छुट्टी की घोषणा की है।

शनिवार को बाजार में रही थी गिरावट
शनिवार को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 259 अंक फिसलकर 71,423 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 50 अंक की गिरावट रही थी, ये 21,571 के लेवल पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में गिरावट और 6 में तेजी देखने को मिली थी। वहीं रविवार (21 जनवरी) को छुट्‌टी के चलते हमेशा की तरह बाजार बंद रहा था।

2,000 का नोट बदलने या जमा करने की सुविधा भी बंद रहेगी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ऑफिसों में भी 2,000 का नोट बदलने या जमा करने की सुविधा भी आज 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन बंद रहेगी।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने केंद्रीय संस्थानों और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों के संबंध में आदेश जारी किया था कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बीमा कंपनियां और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) में 22 जनवरी (सोमवार) को आधे दिन का अवकाश रहेगा।

केंद्रीय बैंक ने बयान में कहा, 'भारत सरकार द्वारा घोषित आधे दिन के अवकाश के कारण 2000 रुपए के बैंक नोटों के विनिमय/जमा की सुविधा सोमवार 22 जनवरी को भारतीय रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में से किसी में भी उपलब्ध नहीं होगी।'


Advertisement