सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में गिरावट आई है। इंडिगो, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी और बजाज फिनसर्व में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। सभी सेक्टोरल इंडेक्सेज भी लुढ़के हैं। निफ्टी पीएसयू और रियल्टी में तीन फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है। निफ्टी ऑटो, बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, मीडिया, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑयल एंड गैस में दो फीसदी से ज्यादा लुढ़क गए हैं।
कच्चे तेल की कीमत
ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप 100 में 2.28 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 2.60 फीसदी गिरावट आई है। इस बीच भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 0.6% गिरावट के साथ 93.28 पर खुला। पिछले सत्र में यह 92.7275 पर बंद हुआ था। उधर कच्चे तेल की कीमत में भारी तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड की कीमत में करीब 8 फीसदी तेजी आई है और यह सीजफायर से पहले के दौर में पहुंच गया है। ब्रेंट क्रूड अभी 7.32 फीसदी तेजी के साथ 102.2 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था।ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत नाकाम होने के बाद यूएस नेवी होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी करने जा रही है। इससे पश्चिम एशिया में सीजफायर टूटने और युद्ध के लंबा खिंचने की आशंका पैदा हो गई है। इससे एशियाई बाजारों में आज गिरावट आई है। जापान का निक्केई और साउथ कोरिया का कॉस्पी एक फीसदी से अधिक लुढ़क गया। हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में एक फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 0.25 फीसदी से ज्यादा गिरा है।
शेयर बाजार का हाल
- ईरान-अमेरिका वार्ता टूटने से शेयर बाजार में हाहाकार
- सेंसेक्स 1,600 अंक लुढ़का, निफ्टी भी 23,600 के नीचे
- इंडिगो और एशियन पेंट्स में आई सबसे ज्यादा गिरावट
- कच्चे तेल में भारी तेजी, ब्रेंट क्रूड 8 फीसदी से ज्यादा उछला











