हमीदिया कॉलेज में न्यूमरोलॉजी और वास्तु शास्त्र पर विशेष कार्यशाला

हमीदिया कॉलेज में न्यूमरोलॉजी और वास्तु शास्त्र पर विशेष कार्यशाला

भोपाल के हमीदिया कॉलेज (पीएमसीओई) के अंग्रेजी विभाग में न्यूमरोलॉजी और वास्तु शास्त्र पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रख्यात न्यूमरोलॉजिस्ट और वास्तु सलाहकार श्वेता विजयवर्गीय ने कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलन और मां सरस्वती की पूजा से हुई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पुष्पलता चौकसे और अंग्रेजी विभाग की प्रमुख डॉ. अपराजिता शर्मा ने पौधा भेंट कर विजयवर्गीय का स्वागत किया। विजयवर्गीय ने वास्तु शास्त्र के मूल सिद्धांतों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश (पांच तत्व) किस प्रकार मनुष्य के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं। साथ ही, चारों दिशाओं (पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण) की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।

कार्यशाला में अंक ज्योतिष का भी गहन विश्लेषण किया गया, जिसमें नाम, जन्म तिथि, व्यक्तित्व, संख्या और नियति संख्या के प्रभाव को समझाया गया। डॉ. सुमंगला पटेरिया के संचालन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन डॉ. निवेदिता मुखर्जी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने इस विषय पर भविष्य में और सत्र आयोजित करने की मांग की।


Advertisement