चाइनीज कंपनी बिल्ड योज ड्रीम्स (BYD) इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री के मामले में दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरर बन गई है। कंपनी ने अमेरिकी बिजनेसमैन एलन मस्क की टेस्ला को पीछे छोड़ दिया है।
हाल ही में जारी बिक्री आंकड़ों के अनुसार, BYD ने 2023 की चौथी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में ग्लोबल मार्केट में 5,26,409 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं, जो टेस्ला की 4,84,507 यूनिट से ज्यादा है।
इस दौरान टेस्ला न सिर्फ बिक्री के मामले में, बल्कि EV प्रोडक्शन के मामले में भी BYD से पीछे रही। BYD ने प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहनों में भी सफलता हासिल की है, Q4 में कंपनी ने 400,000 से ज्यादा यूनिट्स बेचीं।
टेस्ला ने 2023 में सबसे ज्यादा ईवी बेचीं
पूरे वर्ष के लिए, BYD की EV बिक्री 2023 में 73% बढ़कर लगभग 1.6 मिलियन वाहन हो गई, कंपनी ने सोमवार को हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज को एक फाइलिंग में कहा। कुल मिलाकर अभी भी टेस्ला से कम है, जिसने अगले दिन घोषणा की कि उसकी वार्षिक बिक्री 38% बढ़कर 1.8 मिलियन कारों तक पहुंच गई।
BYD हाइब्रिड कार भी बनाती है और उसने 2023 में 1.4 मिलियन हाइब्रिड कारें सेल की हैं। अगर कंपनी की पैसेंजर व्हीकल सेल्स में इन्हें जोड़ दिया जाए तो 3 मिलियन से ज्यादा बिक्री के साथ ये टेस्ला को काफी पीछे छोड़ देता है।
टेस्ला को कड़ी टक्कर देती है बीवाईडी
शेन्जेन,चीन बेस्ड कंपनी BYD ईवी सेगमेंट में चीन और यूरोप में टेस्ला को कड़ी टक्कर देती है। इसकी एक वजह BYD को चीन सरकार का समर्थन भी है, जो इसे घरेलू बाजार में भरपूर मदद देती है। हालांकि, इसके बाद भी कंपनी अपनी कारों की बिक्री अमेरिकी बाजार में नहीं करती है।











