शेयर बाजार में कत्लेआम, सेंसेक्स 1,000 अंक लुढ़का, निवेशकों के पांच लाख करोड़ स्वाहा
Updated on
02 Aug 2023, 02:45 PM
नई दिल्ली: घरेलू शेयर मार्केट में आज भारी गिरावट देखी जा रही है। फिच ने अमेरिका की रेटिंग में कटौती की है। 2011 के बाद यह पहला मौका है जब किसी एजेंसी ने दुनिया की सबसे बड़ी इकॉनमी की रेटिंग में कटौती की है। बुधवार को दुनियाभर के शेयर बाजारों में इसका व्यापक असर देखने को मिला। स्थानीय शेयर बाजार भी गिरावट के साथ खुले। दिन चढ़ने के साथ ही इसमें और ज्यादा गिरावट आई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स (BSE Sensex) करीब 1,000 अंक की गिरावट के साथ 66,500 अंक से नीचे चला गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) भी 19,5000 अंक से नीचे आ गया। दोपहर बाद 2.15 बजे सेंसेक्स 970.25 अंक यानी 1.46 परसेंट की गिरावट के साथ 65,489.06 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 303.60 अंक यानी 1.54 फीसदी गिरावट के साथ 19,429.95 अंक पर था। इस गिरावट से निवेशकों के करीब पांच लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए हैं।
सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं। सबसे ज्यादा गिरावट बैंकिंग और मेटल शेयरों में आई है। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, हीरो मोटो, आयशर मोटर्स और कोल इंडिया के शेयरों में दो फीसदी से अधिक गिरावट आई है। रिलायंस और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी करीब 1.5 फीसदी गिरावट आई है। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर गिरावट पर हैं। अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.85 प्रतिशत बढ़कर 85.63 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 92.85 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।